ट्रक-कार की भिड़ंत में तीन लोगों की माैत:एयरबेग खुलने पर भी नहीं बच सकी जान; जेसीबी से निकालना पड़ी कार

माकड़ोन थाना क्षेत्र के ग्राम पाट में शनिवार को एक भीषण हादसा हो गया। ट्रक और कार की भिड़ंत में कार सवार जयपुर के एक पुलिसकर्मी, निजी बैंक के रिकवरी एजेंट और कार चालक की मौत हो गई। जबकि इस हादसे में जयपुर निवासी एक अभिभाषक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए इंदौर रेफर किया गया है। ग्रामीणों ने जेसीबी की मदद से ट्रक में फंसी कार को बाहर निकाला। उज्जैन से करीब 60 किमी दूर माकड़ोन थाना क्षेत्र में हुए इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पहले उसे उज्जैन और फिर इंदौर रेफर किया गया। माकड़ोन थाना पुलिस ने बताया कि आगर रोड पर माकड़ोन के पाट में कार क्रमांक MP-09-9855 और एक ट्रक के बीच आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। इस भीषण दुर्घटना में कार में सवार जयपुर के पुलिसकर्मी किशनलाल खटीक (निवासी निमेड़ा फागी, जयपुर, राजस्थान), निजी बैंक के रिकवरी एजेंट शिवराज झाला (निवासी ग्राम भैंसाखेड़ी घट्टिया) और कार चालक प्रकाश (40 वर्ष, निवासी महेश बाग कॉलोनी, इंदौर) की मौके पर ही मौत हो गई। जेसीबी से बाहर निकाला कार चकोर ढाबे के पास ट्रक से भीषण रूप से टकरा गई। एयरबैग खुलने के बावजूद कार सवार तीनों लोगों की मौत हो गई। कार पूरी तरह चकनाचूर होकर ट्रक में फंस गई थी, जिसे जेसीबी की मदद से बाहर निकाला गया। हादसे में जयपुर के अभिभाषक रोहन टांक गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसे इलाज के लिए उज्जैन के चरक अस्पताल भेजा गया था। जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उसे इंदौर रेफर कर दिया गया है।प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *