ट्रक की चपेट में आने से युवक की मौत:बहन का रिश्ता देखने जा रहा था, बाइक समेत ट्रक के नीचे आया; लगा सड़क जाम

बोकारो जिले के माराफारी थाना क्षेत्र अंतर्गत बांसगोड़ा के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार शाम करीब 4:30 बजे एक सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में झरिया निवासी मंटू विश्वकर्मा उम्र लगभग 30 साल की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से मंटू की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मंटू बाइक समेत ट्रक के नीचे आ गया और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। झरिया से बांसगोड़ा की ओर जा रहे थे मृतक के पिता योगेंद्र विश्वकर्मा ने बताया कि वे अपनी बेटी के लिए लड़का देखने झरिया से बांसगोड़ा की ओर जा रहे थे। परिवार के कुल चार लोग दो बाइकों पर सवार थे। मंटू दूसरी बाइक पर पीछे चल रहा था, तभी बांसगोड़ा के पास आगे चल रहे ट्रक ने उसकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। इस दौरान पीछे बैठे युवक ने कूदकर अपनी जान बचाई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर दिया। इसके कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात घंटों तक बाधित रहा। सूचना मिलने पर माराफारी थाना प्रभारी आजाद खान पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि ट्रक मालिक को बुलाया गया है और पीड़ित परिवार से बातचीत कर उचित मुआवजे पर सहमति बनाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि जल्द जाम हटाया जा सके। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच जारी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *