ट्रक की टक्कर से एक्टिवा सवार की मौत, चालक फरार

लुधियाना| तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाए जा रहे ट्रक की टक्कर से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान देव राज गुलेरिया (57) निवासी बाबा दीप सिंह नगर, मुंडियां कलां के रूप में हुई है। मामले में पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है। मृतक की बेटी डा. साक्षी निवासी मंडी ने पुलिस को बताया कि 20 जनवरी को उनके पिता एक्टिवा पर किसी काम से फोकल प्वाइंट की ओर जा रहे थे। उनके पीछे उनके एक परिचित ज्ञानेश्वर लाल शर्मा भी कुछ दूरी पर आ रहे थे। जब देव राज गुलेरिया शेरपुर चौक से आगे ग्यासपुरा फाटक के पास पहुंचे, तभी पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी एक्टिवा को जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर लगते ही देव राज गुलेरिया सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। आसपास के लोगों ने घायल को पहले ग्यासपुरा के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें ओसवाल अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों का आरोप है कि ट्रक चालक अस्पताल में कुछ समय तक मौजूद रहा, लेकिन मौत की पुष्टि होते ही बिना पहचान बताए फरार हो गया। पुलिस ट्रक और उसके चालक की पहचान में जुट गई है। लुधियाना| ‌साहनेवाल इलाके में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में फैक्ट्री कर्मचारी की जान चली गई। तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रही महिंद्रा पिकअप ने पीछे से टक्कर मार दी, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के साले प्रीतपाल सिंह निवासी गांव सीलों कलां ने पुलिस को बताया कि उनके जीजा हरजीत सिंह (44) पीसी गुप्ता ओवरसीज फैक्ट्री, गांव नत्त में काम करते थे। 20 जनवरी को शाम करीब साढ़े तीन बजे हरजीत सिंह फैक्ट्री परिसर में एक महिंद्रा पिकअप (JK-08-P-6674) का कांटा करवाने के लिए गाड़ी के आगे-आगे चल रहे थे। इसी दौरान पिकअप चालक करन लाल ने वाहन को तेज रफ्तार, लापरवाही और बिना सावधानी के चलाते हुए हरजीत सिंह को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही हरजीत सिंह जमीन पर गिर पड़े और पिकअप का अगला टायर उनके ऊपर से गुजर गया। हादसे के बाद चालक वाहन से नीचे उतरा, लेकिन लोगों की भीड़ जमा होती देख मौके पर ही पिकअप छोड़कर फरार हो गया। फैक्ट्री कर्मियों और परिजनों ने घायल को तुरंत मोहनदेई अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। मृतक के साले के बयान के आधार पर थाना साहनेवाल पुलिस ने महिंद्रा पिकअप चालक करन लाल के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। थाना साहनेवाल पुलिस का कहना है कि आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *