बूंदी के लाखेरी में सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। शुक्रवार रात करीब साढ़े आठ बजे नाडी भावपुरा निवासी पवन कुमार अपने रिश्तेदार को लाखेरी कस्बे के नयापुरा इलाके में छोड़कर घर लौट रहा था। इसी दौरान उनके गांव के पास पीछे से आ रहे ट्रक ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल पवन को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शनिवार सुबह शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ट्रक ड्राइवर की तलाश कर रही है। दरअसल पवन को नाडी भावपुरा निवासी कल्याण गुर्जर ने अपने बेटे की मौत के बाद गोद लिया था। तीन साल पहले कल्याण के बेटे की मंडाना इलाके में एक सड़क हादसे में मौत हो गई थी। इसके बाद उन्होंने अपने साले के बेटे पवन को गोद लेकर अपना जीवन फिर से शुरू किया था। पवन तब से अपने फूफा कल्याण के साथ रह रहा था।


