ट्रक के ऊपर हाइटेंशन तार उठाते समय लगा करंट, युवक की हुई मौत

भास्कर न्यूज| महासमुंद जिले के सांकरा थाना क्षेत्र के ग्राम बहादुरपुर के पास एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां एक बोरवेल गाड़ी के ऊपर चढ़कर बिजली का तार उठा रहे युवक की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने मामले में वाहन चालक की लापरवाही को जिम्मेदार मानते हुए उसके खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। सांकरा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक उमेश प्रसाद अगरिया (25), निवासी सिंगरौली (मध्यप्रदेश), एसएस बोरवेल्स की गाड़ी (केए 06 एमए 0869) में काम करता था। 3 दिसंबर को गाड़ी बोर खुदाई के लिए ग्राम लारीपुर जा रही थी। रास्ते में ग्राम बहादुरपुर के पास सड़क के ऊपर से 11 केवी की हाइटेंशन लाइन गुजरी थी, जिससे वाहन को निकलने में दिक्कत हो रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस जांच के अनुसार, ड्राइवर के कहने पर उमेश केबिन के ऊपर चढ़ा और डंडे के सहारे बिजली के तार को ऊपर उठाने लगा। इसी दौरान ड्राइवर ने अचानक गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी, जिससे उमेश के हाथ में मौजूद डंडा टूट गया और उसका संतुलन बिगड़ गया। वह सीधे हाइटेंशन तार की चपेट में आ गया और झुलसकर जमीन पर गिर पड़ा। गंभीर स्थिति में उमेश को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसना ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सांकरा पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की। जांच में चालक की स्पष्ट लापरवाही पाए जाने पर पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *