ट्रक ड्राइवरों की हड़ताल से धान परिवहन ठप:उमरिया में किसानों के 50 करोड़ भुगतान अटका; 9 हजार टन खुले में पड़ा

उमरिया जिले में ट्रक ड्राइवरों की हड़ताल के कारण धान का परिवहन पूरी तरह ठप हो गया है। चंदिया स्थित एमपी वेयरहाउसिंग एंड लॉजिस्टिक्स कार्पोरेशन के ओपन कैप में पिछले दो दिनों से लगभग 85 ट्रक धान से लदे खड़े हैं। इसके अलावा, जिले भर की सोसायटियों में करीब 9 हजार मीट्रिक टन धान खुले में पड़ा है, जिससे बदलते मौसम के कारण उसकी सुरक्षा एक बड़ी चुनौती बन गई है। धान परिवहन ठप, किसानों का 50 करोड़ भुगतान अटका धान परिवहन बाधित होने से किसानों के भुगतान पर भी गहरा असर पड़ा है। जिले के किसानों को लगभग 50 करोड़ रुपए का भुगतान होना है, जो परिवहन ठप होने के कारण रुका हुआ है। जानकारी के अनुसार, मंगलवार से ही वेयरहाउस में ट्रक खड़े हैं। ड्राइवरों से मारपीट की घटना के बाद ट्रक चलाने से इनकार कर दिया है, जिससे पूरे जिले में धान का परिवहन बाधित है। प्रशासन बोला- समस्या सुलझते ही शुरू होगा परिवहन इस मामले को लेकर जिला प्रशासन ड्राइवरों की समस्या के समाधान में जुटा हुआ है। खाद्य अधिकारी रोहित सिंह ने बताया कि ट्रक ड्राइवरों की समस्या का शीघ्र निराकरण कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन का प्रयास है कि धान को जल्द से जल्द सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए, ताकि किसानों का भुगतान किया जा सके। अधिकारी ने यह भी बताया कि पिछले तीन दिनों से धान परिवहन पूरी तरह बंद है और जब तक परिवहन फिर से शुरू नहीं होगा, किसानों को भुगतान करना संभव नहीं हो पाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *