खड़गपुर| पश्चिम मेदिनीपुर जिले के डेबरा ब्लॉक के डेबरा ओवर ब्रिज पर एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर मौजूद बैरिकेड से टकरा गया। इस दौरान दो लोग जख्मी हो गए और ट्रक के सामने का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। मालूम हो कि गति अवस्था में ट्रक के चालक को अचानक नींद आ जाने से ट्रक अनियंत्रित हो गया और सड़क पर मौजूद बैरिकेड को टक्कर मारने के बाद एक लेन से दूसरे लेन में प्रवेश कर गया। इस दौरान दो लोग जख्मी हो गए। दुर्घटना के कारण इलाके में यातायात बाधित हुआ। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने इलाके में पहुंचकर परिस्थिति को सामान्य करते हुए दोनों घायलों को अस्पताल भेजा। पुलिस दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त करके थाने लेकर गई। पुलिस घटना की जांच कर रही है।


