भास्कर न्यूज | सरायकेला सरायकेला-टाटा मुख्य मार्ग पर नदींडीह गांव के पास तेज रफ्तार बाइक सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई, जिससे बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर पीछे बैठी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। मृतक व घायल महिला की पहचान नहीं हो पाई है, परंतु बताया जा रहा है कि वे चौका थाना क्षेत्र के हैं। घटना शाम 5:00 बजे के आसपास की है। बाइक (संख्या -जेएच 05बीभी/9697) पर सवार महिला व पुरुष सरायकेला की ओर आ रहे थे, जबकि ट्रक (संख्या-जेएच02एपी/06 78) सरायकेला से जमशेदपुर की ओर जा रहा था। टक्कर में बाइक सवार पुरुष व महिला ट्रक के पहिए के नीचे आ गए, जिससे घटनास्थल पर ही पुरुष की मौत हो गई व महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद उग्र भीड़ द्वारा सड़क को जाम कर दिया गया, हालांकि उस समय पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा का काफिला उसी स्थल से होकर गुजर रहा था। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने अपने काफिला को रोका और वहां से उतरकर तुरंत राहत पहुंचाने के लिए उपायुक्त व पुलिस अधीक्षक से फोन पर संपर्क किया। इसके बाद तत्काल राहत कार्य प्रारंभ हुआ व एंबुलेंस द्वारा घायल महिला को टीएमएच भेजा गया। पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने टीएमएच प्रबंधन से भी फोन पर बात की। इधर, घटना के बाद ट्रक चालक ट्रक से कूद कर फरार हो गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान अभी नहीं हो पाई है।


