जोधपुर रेंज की स्पेशल साइकलोनर टीम ने कार्रवाई करते हुए ट्रक से 506 किलो गांजा बरामद किया। इस गांजे की खेप को उड़ीसा से जोधपुर लाया जा रहा था। जिसे जोधपुर जेल में बैठा सरगना ऑपरेट कर रहा था। अब तक की पूछताछ में सामने आया कि इसे लोकल नेटवर्क के माध्यम से जोधपुर के अलावा पंजाब, हरियाणा में सप्लाई किया जाना था। इस मामले में रेंज की स्पेशल टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। बता दें कि IG विकास कुमार ने नेतृत्व में रेंज की साइक्लोनर टीम ने कार्रवाई करते हुए दो गांजा तस्करों को पकड़ा था। इन्हें रविवार रात्रि आसोप थाना क्षेत्र में नाकाबंदी कर पकड़ा गया। टीम को उड़ीसा के रास्ते जोधपुर और हरियाणा, पंजाब में गांजा सप्लाई करने को लेकर इनपुट मिला था। इस आधार पर टीम में पिछले कई दिनों से लगी हुई थी। टीम ने इस मामले में नरेश पुत्र जयकिशन निवासी भोपालगढ़ व चैनाराम पुत्र पेमाराम निवासी भोपालगढ़ को गिरफ्तार किया। टीम ने करीब 506 किलो गांजा पकड़ा। इसे उड़ीसा तेलंगाना राज्य के मलकानगिरी सीमा से लाया जा रहा था। बता दें कि जोधपुर गांजा तस्करों के लिए मुफीद मार्केट बनता नजर आ रहा है। महानगर के युवाओं को माफिया दोस्ती कर नशे का आदि बना रहे हैं।पूर्व में भी जोधपुर में NCB की टीम ऑपरेशन शंकर चलाया था। जिसमें करीब दो माह तक अलग अलग राज्यों और ट्रेनों में सर्च के बाद जोधपुर में 865 किलो 600 ग्राम गांजे की खेप को बरामद किया गया था। इस मामले में NCB ने मुख्य गांजा सप्लायर को गिरफ्तार किया था।


