ट्रम्प बोले- मोदी मेरे अच्छे दोस्त, लेकिन मुझसे खुश नहीं:वजह भारत पर 50% टैरिफ; दावा- मोदी मिलने आए, पूछा- सर क्या आपसे मिल सकता हूं

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि पीएम मोदी उनसे ज्यादा खुश नहीं हैं, क्योंकि वॉशिंगटन ने रूसी तेल खरीदने की वजह से दिल्ली पर 50% टैरिफ लगाया है। न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, ट्रम्प ने यह बात मंगलवार को वॉशिंगटन में हाउस रिपब्लिकन पार्टी के सदस्यों की बैठक में कही। ट्रम्प ने यह भी कहा- पीएम मोदी खुद मुझसे मिलने आए थे। वह मेरे पास आए और बोले- सर, क्या मैं आपसे मिल सकता हूं? और मैंने कहा- हां। हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि यह सारी बातचीत कब और कहां हुईं। ट्रम्प ने कहा- मेरे उनके (पीएम मोदी) साथ बहुत अच्छे रिश्ते हैं। अब उन्होंने रूस से तेल खरीदना काफी हद तक कम कर दिया है। ट्रम्प ने भारत पर कुल 50% टैरिफ लगाया है, जिसमें से 25% एक्स्ट्रा टैरिफ रूस से तेल खरीदने की वजह से लगाया गया है। ट्रम्प ने यह भी कहा कि भारत ने उन्हें बताया है कि वह पिछले पांच साल से अपाचे हेलिकॉप्टरों का इंतजार कर रहा है। भारत ने 68 अपाचे हेलिकॉप्टरों का ऑर्डर दिया है। ट्रम्प ने कल कहा था- मोदी मुझे खुश करना चाहते हैं ट्रम्प ने कल भी भारत के रूस से तेल आयात कम करने को लेकर बयान दिया था। ट्रम्प ने कहा था कि भारत ने यह फैसला उन्हें खुश करने के लिए लिया। ट्रम्प ने कहा था- वे मुझे खुश करना चाहते थे। प्रधानमंत्री मोदी बहुत अच्छे इंसान हैं। वह जानते थे कि मैं खुश नहीं था, इसलिए मुझे खुश करना जरूरी था। हम व्यापार करते हैं और उन पर टैरिफ बढ़ा सकते हैं। यूक्रेन युद्ध के बाद भारत रूस का सबसे बड़ा तेल खरीदार बन गया था। अमेरिकी अधिकारियों ने आरोप लगाया था कि भारत रूस से तेल खरीदकर यूक्रेन पर हो रहे हमलों को फंड कर रहा है। दावा- भारतीय राजदूत ने 25% टैरिफ हटाने की अपील की ट्रम्प के साथ मौजूद अमेरिकी सीनेटर लिंडसे ग्राहम ने कल दावा किया था वह करीब एक महीने पहले भारतीय राजदूत विनय मोहन क्वात्रा के घर गए थे। उस मुलाकात में सबसे ज्यादा चर्चा भारत द्वारा रूसी तेल की खरीद कम करने को लेकर हुई थी। उन्होंने बताया कि भारतीय राजदूत ने उनसे राष्ट्रपति ट्रम्प तक यह संदेश पहुंचाने को कहा था कि भारत पर लगाया गया एक्स्ट्रा 25 प्रतिशत टैरिफ हटाया जाए। लिंडसे ग्राहम के मुताबिक, भारत अब पहले के मुकाबले रूस से काफी कम मात्रा में तेल खरीद रहा है। इस मुद्दे को बातचीत में प्रमुख रूप से उठाया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *