ट्रस्ट ने साप्ताहिक कीर्तन समागम कराया , महिलाओं के लिए स्किल डेवलेपमेंट के कोर्स भी करवाएगा

भास्कर न्यूज | लुधियाना गुरुद्वारा श्री सुखमणि साहिब, दुगरी फेज-2 में बीबी भानी जी भलाई ट्रस्ट की ओर से साप्ताहिक कीर्तन समागम का आयोजन किया गया। इस मौके ट्रस्ट के रागी जत्थे ने भावपूर्ण कीर्तन कर संगत को निहाल किया। कीर्तन समागम की शुरुआत शाम 7 बजे संगत द्वारा एक स्वर में वाहेगुरु के सिमरन से हुई, जो रात 9 बजे तक चला। इसके उपरांत भाई अमनदीप सिंह ने “बिन बोलिया सब कुछ जाणदा, बहुत जनम बिछड़े थे माधो एह जनम तुम्हारे लेखे जैसे शबदों का गायन कर संगत को श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के साथ जोड़ा। इस अवसर पर ट्रस्ट के सदस्य अरविंदर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि ट्रस्ट की ओर से हर सप्ताह अलग-अलग गुरुद्वारों में ऐसे समागम करवाए जाते हैं, ताकि शहर की अलग-अलग इलाकों की संगत को गुरबाणी का लाभ मिल सके और सभी संगत गुरमुख जीवन की ओर प्रेरित हो सके। समागम में उपस्थित गुरुद्वारा साहिब के प्रधान अरविंदर सिंह संधू ने कीर्तन कर रहे रागी जत्थों को सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने बताया कि बीबी भानी जी भलाई ट्रस्ट न केवल गुरबाणी प्रचार का कार्य कर रहा है, बल्कि समाजसेवा में भी बढ़-चढ़ कर भाग ले रहा है। उन्होंने बताया कि ट्रस्ट द्वारा हर महीने 800 जरूरतमंद महिलाओं को राशन उपलब्ध करवाया जा रहा है। इसके साथ ही महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्किल डेवलेपमेंट कोर्स भी शुरू करवा रहे हैं। समागम के अंत में गुरु का अटूट लंगर संगत में बरताया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *