ट्रांसपोर्टर से लूटपाट, फॉर्च्यूनर में तोड़फोड़:कोरबा में हथियार के नोक पर वारदात, 3 नाबालिग समेत 6 आरोपी गिरफ्तार

कोरबा में सिविल लाइन थाना क्षेत्र के डेंगुरनाला के पास गुरुवार रात ट्रांसपोर्टर अखिलेश सिंह के साथ लूटपाट और मारपीट की घटना हुई। फॉर्च्यूनर में तोड़फोड़ की गई। आरोपियों ने चाकू की नोक पर पर्स और अन्य सामान लूट लिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अखिलेश सिंह टीपी नगर से अपना काम खत्म कर पथरीपारा स्थित अपने घर लौट रहे थे। डेंगुरनाला के पास पहुंचते ही आधा दर्जन लोगों ने उनकी गाड़ी पर हमला कर दिया। उन्होंने गाड़ी रुकवाकर अखिलेश सिंह के साथ मारपीट की और लूट को अंजाम दिया। पीड़ित ने तत्काल सीएसईबी चौकी पुलिस में इसकी शिकायत दर्ज कराई। आरोपियों में तीन नाबालिग पुलिस ने घटना के बाद आरोपियों की तलाश शुरू की और कुछ ही घंटों के भीतर छह लोगों को पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों में तीन नाबालिग हैं, जबकि तीन बालिग हैं। पूछताछ में यह भी सामने आया कि इन आरोपियों ने अखिलेश सिंह से पहले भी कई लोगों के साथ मारपीट और वाहनों में तोड़फोड़ की थी, लेकिन उन मामलों की शिकायत पुलिस में दर्ज नहीं हुई थी। शराब के नशे में थे आरोपी गिरफ्तार बालिग आरोपियों की पहचान सोनमणि बंजारे (18, अंबेडकर चौक बालको निवासी), एकलव्य राव उर्फ सानू (18, पीपरपारा कोहड़िया निवासी) और गौतम साहू (30, डेंगुरनाला कोहड़िया निवासी) के रूप में हुई है। ये तीनों दोस्त शराब के नशे में थे और वारदात को अंजाम दे रहे थे। पुलिस ने उनके कब्जे से चाकू, डंडा, बेल्ट और अन्य हथियार जब्त किए हैं। इस मामले में एडिशनल एसपी नीतिश ठाकुर ने बताया कि ट्रांसपोर्टर की शिकायत पर छह लोगों को पकड़ा गया है। इनमें तीन अपचारी बालक हैं, जबकि तीन बालिग आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *