दैनिक भास्कर ने स्टिंग ऑपरेशन कर मध्यप्रदेश में बंद पड़ी चेकपोस्ट पर अवैध वसूली का खुलासा किया था। इसके बाद परिवहन आयुक्त डीपी गुप्ता को हटा दिया गया है। राज्य शासन ने डीपी गुप्ता को परिवहन आयुक्त पद से हटाकर एडीजी पीएचक्यू के पद पर पदस्थ किया है। नए परिवहन आयुक्त की जिम्मेदारी एडीजी विवेक शर्मा को सौंपी गई है। गृह विभाग से जारी आदेश में एडीजी विवेक शर्मा के काम एडीजी योगेश चौधरी को सौंपे गए हैं। दैनिक भास्कर ने स्टिंग से किया था अवैध वसूली का खुलासा
दैनिक भास्कर ने हाल ही में स्टिंग ऑपरेशन कर प्रदेश में बंद हो चुकी चेक पोस्ट पर अवैध वसूली का खुलासा किया था। राजस्थान-मध्यप्रदेश की सीमा पर नीमच जिले में नयागांव के बंद चेक पोस्ट के पास ही परिवहन विभाग के कर्मचारी चेकिंग के नाम पर ट्रकों से अवैध वसूली करते हुए दैनिक भास्कर के कैमरे में कैद हुए हैं। भास्कर रिपोर्टर ने ट्रक क्लीनर बनकर स्टिंग किया। सभी डॉक्यूमेंट होने के बावजूद बिना रुपए लिए ट्रक को नहीं जाने दिया। सरकार ने प्रदेश के सभी चेक पोस्ट इसी साल 1 जुलाई को बंद कर दिए थे। इनकी जगह सामान्य जांच के लिए चेक पॉइंट बनाए। इन चेक पॉइंट की हकीकत जानने के लिए भास्कर रिपोर्टर ने मध्यप्रदेश में राजस्थान और महाराष्ट्र की सीमा पर चेक पॉइंट की पड़ताल की। सौरभ शर्मा केस में हो रही थी परिवहन विभाग की किरकिरी
डीपी गुप्ता के कार्यकाल में ही पिछले दिनों आरटीओ के पूर्व आरक्षक सौरभ शर्मा का 11 करोड़ रुपए कैश और 52 किलो गोल्ड राजधानी के मेंडोरी से जब्त किया गया था। आयकर विभाग की गई इस कार्रवाई में गोल्ड और कैश का सीधा लिंक परिवहन विभाग से जुड़ा पाया गया था। आयकर विभाग की जांच में यह भी पाया गया था कि सौरभ शर्मा के विभाग से इस्तीफे के बाद भी उसे जिलों के आरटीओ हर महीने करोड़ों रुपए भेज रहे थे। यह पैसा आपस में बांटा जा रहा था। आयकर विभाग इसकी अलग से जांच कर रहा है, लेकिन इस पूरे मामले में परिवहन विभाग की किरकिरी हो रही है। माना जा रहा है कि इसे देखते हुए ही शासन ने परिवहन आयुक्त गुप्ता को हटा दिया है। योगेश चौधरी को पीएचक्यू में योजना शाखा का अतिरिक्त प्रभार
गृह विभाग से जारी आदेश में एडीजी विवेक शर्मा को योजना शाखा पुलिस मुख्यालय को परिवहन आयुक्त बनाया गया है। वहीं पीएचक्यू में एडीजी प्रबंध का काम देख रहे योगेश चौधरी को योजना शाखा का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। 4 फरवरी को परिवहन आयुक्त बनाए गए थे डीपी गुप्ता
एडीजी डीपी गुप्ता को 4 फरवरी 2024 को परिवहन आयुक्त बनाया गया था। इस पद पर उनकी नियुक्ति के बाद एडीजी रैंक के एक अन्य अधिकारी उमेश जोगा की भी शासन ने वहां पदस्थापना की थी। ऐसा पहली बार हुआ था कि एडीजी रैंक के दो अधिकारी परिवहन विभाग में कमिश्नर और अपर कमिश्रनर के रूप में पदस्थ हुए थे। दैनिक भास्कर ऐप पर ये खबरें की गई थी प्रकाशित… भास्कर के कैमरे में कैद चेक पॉइंट पर अवैध वसूली:रिपोर्टर बना ट्रक का क्लीनर; कागज कम्प्लीट होने पर भी पैसे लेकर ही जाने दिया मध्यप्रदेश सरकार ने अवैध वसूली की शिकायतों के बाद परिवहन विभाग के चेक पोस्ट तो बंद कर दिए, लेकिन मैदानी अमले ने वसूली बंद नहीं की है। राजस्थान-मध्यप्रदेश की सीमा पर नीमच जिले में नयागांव के बंद चेक पोस्ट के पास ही परिवहन विभाग के कर्मचारी चेकिंग के नाम पर ट्रकों से अवैध वसूली करते हुए दैनिक भास्कर के कैमरे में कैद हुए हैं। पूरी खबर पढ़ें… MP में बंद चेक पोस्ट पर वसूली की आंखों देखी:आरटीओ कर्मचारी ने ड्राइवर को अकेले बुलाकर रुपए मांगे, नहीं दिए तो 12 घंटे ट्रक रोका मध्यप्रदेश में पांच महीने पहले अवैध वसूली को देखते हुए सरकार ने परिवहन विभाग के चेक पोस्ट बंद कर दिए, लेकिन महाराष्ट्र की सीमा पर प्रदेश के सबसे बड़े चेक पोस्ट सेंधवा में अब भी दृश्य नहीं बदला है। दैनिक भास्कर टीम ने दो दिन तक इस बंद चेक पोस्ट पर नजर रखी तो यहां आरटीओ के कर्मचारी बकायदा ट्रकों को रोक कर रुपए वसूलते दिखे। ये दृश्य भास्कर के कैमरे में भी कैद हुए हैं। पढ़ें पूरी खबर


