रांची उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने निकाय चुनाव की मतगणना को देखते हुए प्रस्तावित ट्रांसपोर्ट नगर रिंग रोड स्थित स्ट्रॉन्ग रूम का निरीक्षण किया। उपायुक्त ने चुनाव से जुड़ी सभी आवश्यक तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान, उप विकास आयुक्त सौरभ भुवनिया, अपर जिला दंडाधिकारी राजेश्वर नाथ आलोक, रामनारायण सिंह, जिला पंचायत राज पदाधिकारी राजेश कुमार साहू, भवन निर्माण विभाग के अफसर मौजूद थे। चुनाव को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण तरीके से कराने को लेकर डीसी ने शनिवार को बैठक भी की। इसमें निर्वाची पदाधिकारी, विभिन्न निर्वाचन कोषांगों के वरीय एवं प्रभारी पदाधिकारी शामिल हुए। उन्होंने सभी को निर्देश दिया कि निर्वाचन से संबंधित प्रत्येक कार्य की बारीकी से निगरानी सुनिश्चित करें, ताकि किसी भी स्तर पर त्रुटि या लापरवाही की गुंजाइश न रहे। इसके पहले अभी तक सभी चुनावों की मतगणना पंडरा कृषि बाजार प्रांगण में होती आई थी। मगर इस बार बाजार समिति के व्यवसायियों ने इसके खिलाफ हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। कहा था कि मतगणना होने से उनलोगों का व्यापार पूरी तरह ठप हो जाता है। जिससे काफी नुकसान होता है। इसलिए मतगणना स्थल को बदला जाए।


