ट्रांसफार्मर लगाने स्कूली बच्चों से करवाई मजदूरी, VIDEO:बिलासपुर में पढ़ाई रुकवाकर जान जोखिम में डाली, खिंचवाया रस्सा; भूपेश बोले- मुखिया को चुप्पी तोड़नी होगी

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में स्कूली बच्चों से ट्रांसफार्मर लगवाने का काम करवाया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में स्कूल के सामने छात्र मजदूरों की तरह रस्सा खींचते नजर आ रहे हैं। बिजली विभाग के कर्मचारियों ने बच्चों की जान जोखिम में डालकर उनसे यह काम कराया। वहीं, स्कूल के शिक्षकों ने भी उन्हें मना नहीं किया। यह वीडियो पोस्ट करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने लिखा- स्कूल और ऊर्जा दोनों विभाग मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के पास है। सरकार के मुखिया को चुप्पी तोड़नी होगी। दरअसल, पूरा मामला बिलासपुर जिले के तखतपुर ब्लॉक के चनाडोंगरी हाईस्कूल का है। बीते सोमवार को स्कूल के सामने बिजली विभाग की ओर से ट्रांसफार्मर लगाने का काम किया जा रहा था। लाइनमैन समेत विभागीय कर्मचारी मौजूद थे। इस दौरान 6 से ज्यादा स्कूली छात्रों को मजदूरों की तरह काम पर लगा दिया गया। इन बच्चों से पढ़ाई छुड़वाकर रस्सी खिंचवाने जैसे जोखिम भरे काम कराए गए। इसके लिए बच्चों को कोई पारिश्रमिक भी नहीं दी गई। पहले देखिए ये तस्वीरें- बच्चों से रस्सा खिंचवाकर लगवा रहे थे ट्रांसफार्मर स्थानीय लोगों ने बताया कि गांव में ट्रांसफार्मर लगाया जा रहा था। इसके लिए बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारी और उनकी टीम केवल लाइनमैन को लेकर गांव पहुंचे थे। ट्रांसफार्मर को ऊपर चढ़ाने के लिए मजदूर भी साथ लेकर नहीं आए थे। इस दौरान विभाग के कर्मचारी स्कूल पहुंचे और छात्रों को बुला लिया। इसके बाद ट्रांसफार्मर को ऊपर चढ़ाने और बिजली तार खींचने के लिए बच्चों से रस्सा खिंचवाने लगे। सोशल मीडिया पर वायरल हो हुआ वीडियो स्कूली बच्चों का रस्सा खींचते हुए स्थानीय युवकों ने वीडियो बना लिया, जिसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। बताया जा रहा है कि यह कार्य न केवल बेहद जोखिम भरा था, बल्कि इसमें बच्चों की जान को खतरा हो सकता था। स्कूली बच्चों से इस तरह काम कराना अपराध है। पूरे मामले में स्कूल के शिक्षकों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। DEO बोले- प्राचार्य से ली जाएगी जानकारी वायरल वीडियो पर जिला शिक्षा अधिकारी विजय टांडे ने कहा कि यह गंभीर मामला है। स्कूली बच्चों से इस तरह से काम कराना गलत है। इस मामले में स्कूल के प्राचार्य से जानकारी ली जाएगी। जिसके बाद जवाबदेही तय कर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने माना कि यह बहुत जोखिम भरा था, अगर इस दौरान कोई हादसा हो जाता तो कौन जिम्मेदार होता। पूर्व सीएम भूपेश बोले- चुप्पी तोड़नी होगी इस मामले पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय पर निशाना साधा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि शिक्षा और ऊर्जा दोनों विभाग मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के पास हैं। सरकार के मुखिया को बेशर्मी की चुप्पी तोड़नी होगी। …………………………………………. इससे जुड़ी ये खबर भी पढ़ें…. परीक्षा के समय नाली साफ करते दिखे स्टूडेंट्स..VIDEO:बिलासपुर के स्कूल में फावड़ा चला रहे छात्र, पैरेंट्स नाराज; सुप्रीम कोर्ट ने भी लगाई है पाबंदी बिलासपुर के सरकारी मिडिल स्कूल में छोटे-छोटे बच्चों से मजदूरों की तरह काम लिया जा रहा है। यहां बच्चे पढ़ने-लिखने के बजाय फावड़ा लेकर साफ-सफाई करते नजर आए। वो भी उस समय जब परीक्षा का समय नजदीक हो। पढ़ें पूरी खबर…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *