ट्रेन में अवैध शराब के साथ बिहार का यात्री गिरफ्तार:सतना से खरीदी 15 हजार की शराब, दानापुर ले जा रहा था

ट्रेन से अवैध शराब की तस्करी कर रहे बिहार के एक युवक को जीआरपी ने सतना स्टेशन पर पकड़ा है। आरोपी के पास से 15 हजार रुपए से अधिक की अंग्रेजी शराब जब्त की गई है। उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। यह कार्रवाई मंगलवार को सोगरिया से दानापुर (19801) जा रही एक्सप्रेस ट्रेन में की गई। ट्रेन के सतना स्टेशन के प्लेटफॉर्म-2 पर रुकते ही जीआरपी ने सघन तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान एसी कोच में यात्रा कर रहे एक यात्री को पकड़ा गया। सतना से ही खरीदी थी शराब
पकड़े गए यात्री की पहचान मुकेश कुमार (40 वर्ष) पिता महेंद्र कुमार, निवासी सीरीस, थाना बारन, जिला औरंगाबाद, बिहार के रूप में हुई है। उसके पास मौजूद दो बैग की तलाशी लेने पर 180 एमएल की 121 बोतलें मिलीं, जिनमें कुल 21 लीटर अंग्रेजी शराब थी। जब्त शराब की कुल कीमत 15 हजार रुपए से अधिक बताई गई है। चौकी प्रभारी राजेश राज ने बताया कि पूछताछ में आरोपी मुकेश कुमार ने खुलासा किया कि उसने यह शराब सतना से ही खरीदी थी और उसे बिहार ले जा रहा था। यात्री ट्रेनों में बड़ी मात्रा में शराब की तस्करी की शिकायतें मिलने के बाद यह विशेष सर्च ऑपरेशन चलाया गया था। जीआरपी ने आरोपी मुकेश कुमार के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *