डूंगरपुर जिले में आबकारी विभाग और रेलवे पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त की है। शराब डूंगरपुर रेलवे स्टेशन पर इंदौर से असारवा जा रही एक ट्रेन से बरामद की गई। जब्त की गई शराब थैलों और कट्टों में भरकर ट्रेन के टॉयलेट की छत पर छिपाई गई थी। आबकारी विभाग ने इस संबंध में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। आबकारी विभाग के सीआई राहुल शर्मा ने बताया कि उन्हें मुखबिर के जरिए इंदौर-असारवा ट्रेन से शराब तस्करी की सूचना मिली थी। इस सूचना पर आबकारी विभाग की टीम डूंगरपुर रेलवे स्टेशन पहुंची। वहां रेलवे पुलिस निरीक्षक वीरेंद्र सिंह रत्नाकर की टीम के साथ मिलकर कोच नंबर एस-3 की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान डिब्बे के टॉयलेट की छत पर अवैध शराब से भरे थैले और कट्टे मिले। टीम ने शराब को जब्त कर ट्रेन से नीचे उतारा। आबकारी टीम ने 184 बीयर के केन और 393 पव्वे अंग्रेजी शराब के बरामद किए हैं। फिलहाल, आबकारी विभाग ने आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


