नेशनल हाईवे 130 में लखनपुर विधायक निवास के सामने तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आकर बाइक सवार युवक की मौत हो गई। युवक शोक पत्र बांटने के लिए निकला हुआ था। जैसे ही वह विधायक निवास के पास पहुंचा, ट्रेलर की चपेट में आ गया। हादसे के बाद ट्रेलर का ड्राइवर गाड़ी लेकर फरार हो गया। मामला लखनपुर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, उदयपुर थाना अंतर्गत ग्राम पोतका निवासी चरण सिंह गुरुवार को शोक पत्र बांटने के नाम पर निकला हुआ था। इस दौरान युवक दोपहर में NH-130 पर विधायक निवास के समीप पहुंचा, तेज रफ्तार ट्रेलर ने उसे चपेट में ले लिया। ट्रेलर के साइड से हुई टक्कर के बाद बाइक सवार युवक के सिर में गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। लोगों ने ट्रेलर को रोकने की कोशिश की, लेकिन वह गाड़ी लेकर भाग निकला। सीसीटीवी फुटेज से वाहन की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही लखनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को हॉस्पिटल भेजा। शव का तत्काल पीएम करा परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले में पुलिस द्वारा अपराध दर्ज कर लिया गया है। थाना प्रभारी शशिकांत सिन्हा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। सड़क पर अतिक्रमण के कारण हो रहे हादसे
नेशनल हाईवे लखनपुर के मुख्य बाजार से होकर गुजरी है। यहां व्यापारियों द्वारा दुकान का सामान बाहर लगा दिया जाता है। पुलिस थाना से लेकर बस स्टैंड तक दुकानदारों द्वारा अपने सामानों को सड़क पर निकालकर अतिक्रमण कर लिया जाता है। दुकानों में आने वाले लोगों द्वारा बेतरतीब तरीके से वाहनों की पार्किंग कर दी जाती है। इसके कारण सड़क पर आए दिन हादसे हो रहे हैं। विधायक राजेश अग्रवाल द्वारा भी दुकानदारों को समझाइश दी जा चुकी है, इसके बाद भी अतिक्रमण पर नियंत्रण नहीं हो पा रहा है।


