भास्कर न्यूज|श्री आनंदपुर साहिब अंतर्राष्ट्रीय कोच बीएस घुम्मन ने श्री आनंदपुर साहिब के नजदीक हिमाचल प्रदेश में स्थित ऐतिहासिक स्थल गुरु का लाहौर से गांव लहरियां तक ट्रैकिंग टूर करवाया। उन्होंने बताया कि वे भारत ही नहीं बल्कि विदेशों में भी कई ट्रैकिंग टूर करा चुके हैं। उनके अनुसार ट्रैकिंग का मुख्य उद्देश्य लोगों को तंदुरुस्ती से जोड़ना, प्रकृति से प्रेम करवाना और विशेषकर नई पीढ़ी को स्वस्थ जीवनशैली की ओर प्रेरित करना है। इस यात्रा की शुरुआत गुरु का लाहौर में अरदास के साथ हुई। इसके बाद प्रतिभागियों ने गांव लहरियां से लगभग 7 किलोमीटर के ऊबड़-खाबड़ रास्तों को पार किया। कई जगह उन्हें पत्थरों और कीचड़ के बीच खुद रास्ता बनाना पड़ा, लेकिन सभी ने हिम्मत के साथ यह कठिन सफर पूरा किया। इस दौरान रास्ते में ट्रैकर्स ने बाबा बालक नाथ मंदिर में माथा टेककर आध्यात्मिक शांति का अनुभव किया। उन्होंने कहा कि ट्रैकिंग मनुष्य को केवल शारीरिक तंदुरुस्ती ही नहीं देती, बल्कि जीवन की कठिनाइयों से लड़ने का साहस भी सिखाती है। उनके अनुसार अगर हर कोई सप्ताह में कुछ समय ट्रैकिंग के लिए निकाले तो दवाइयों और डॉक्टरी खर्च से बचा जा सकता है और प्रकृति से जुड़कर खुशहाल जीवन जिया जा सकता है। इस मौके पर जसविंदर कौर, कुलविंदर कौर, गुरचरण सिंह, डॉ. मनोज कुमार, सिमरजीत सिंह, उंकार सिंह, शैली, अमरजीत सिंह निक्कू, मनदीप सिंह, सुरिंदर सिंह सोनी, गुरमुख सिंह और हरप्रीत सिंह मीरपुर आदि ट्रैकर्स उपस्थित थे।


