बड़वानी में भारतीय कपास निगम की ओर से बुधवार से किसानों से नए मापदंड के अनुसार मंडी में कपास की खरीदी की जाएगी। इसके लिए सीसीआई द्वारा कृषि उपज मंडी समिति अंजड़ को आदेश जारी करते हुए निर्देशित किया है। कृषि उपज मंडी समिति सचिव अनिल कुमार उजले ने बताया कि भारतीय कपास निगम इंदौर के उप महाप्रबन्धक की ओर से कृषि उपज मंडी को आदेश मिला है। इसके अनुसार 18 दिसम्बर से सीसीआई द्वारा पंजीकृत किसानों से प्रति एकड़ 7.70 क्विंटल कपास की खरीदी की जाएगी। साथ ही, सीसीआई द्वारा किसानों से मंडी प्रांगण में नीलामी के दौरान चार पहिया ट्रेक्टर ट्राला में कपास क्रय नही किया जाएगा। मंडी सचिव अनिल कुमार उजले ने मंडी क्षेत्र के सभी किसानों से सीसीआई के नवीन निर्देशों के तहत कपास की उपज विक्रय के लिए लाने की अपील की है। इससे पहले, सीसीआई द्वारा पंजीकृत किसानो से प्रति एकड़ 12 क्विंटल कपास की खरीदी की जाती थी। सीसीआई के निर्णय के खिलाफ दिया ज्ञापन भारतीय किसान संघ के जिला मंत्री कमल सिंह तोमर ने बताया कि भारतीय किसान संघ जिला बड़वानी की ओर से कई किसानों के साथ मंगलवार को खरगोन-बड़वानी सांसद गजेंद्र सिंह पटेल व कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। सीसीआई द्वारा पूर्ववत नियमों के अधीन कपास की खरीदी करने की मांग की गई। सीसीआई द्वारा कपास क्रय प्रति क्विटंल कम किया है, वह गलत फैसला है। क्योंकि कई किसानों ने कपास नहीं बेचा। कपास का उत्पादन प्रति एकड़ 7.70 क्विंटल से ऊपर है, इसलिए कपास प्रति एकड़ 12 क्विंटल से ही खरीदा जाए। कपास सूखा होने से दो पहिया ट्रॉली में 15 से 20 क्विटंल ही आता है। इसके कारण किसान को 40 क्विटंल माल लाने में डबल भाड़ा भी लगेगा। एक दिन के बजाय दो दिन परेशान होना पडेगा। मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन की दी चेतावनी ज्ञापन में लिखा है कि सीसीआई खरीदी का मापदण्ड यथावत रखा जाए वरना बड़वानी जिला खलघाट टोल प्लॉजा (एन.एच.-3) बाम्बे आगरा रोड पर आंदोलन किया जाएगा। इसकी जवाबदारी शासन की रहेगी। इस दौरान भारतीय किसान संघ के जिलाध्यक्ष भगवान पटेल, जिला मंत्री कमल सिंह तोमर, बड़वानी तहसील अध्यक्ष लोकेश मालवीय के अलावा कई किसान मौजूद रहे। सांसद गजेंद्र सिंह पटेल ने इस संबंध में संसद भवन से वीडियो जारी किया। कहा- सीसीआई के नए निर्देशों के कारण किसानों को समस्या आ रही है। किसानों में आक्रोश है। मैंने विभाग के अधिकारियों से बात की। इस समस्या पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। नया निर्देश भी जल्द जारी किया जाएगा।


