यह हादसा बुधवार रात करीब साढ़े 7 बजे हुआ था। युवक की मौके पर ही मौत हो गई। शव जिला अस्पताल की मोर्चरी में रात को रखवाया गया। जवान युवक की मौत थी। परिजनों ने रिश्तेदारों को इसकी सूचना सुबह जल्दी दे दी। रिश्तेदारों को घर के बजाय गांव के बाहर ठहराया गया ताकि शव घर पहुंचे तो ही घर पर पता चले। लेकिन लालगढ़ जाटान थाने से पुलिस अधिकारी पोस्टमार्टम करवाने नहीं आए। इंतजार करते-करते परिवार के सदस्यों को एक बज गया। इस दौरान अस्पताल की मोर्चरी में चार पोस्टमार्टम हो चुके थे। इससे नाराज होकर परिजनों ने मोर्चरी के बाहर धरना लगा दिया। लालगढ़ जाटान पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। ड्यूटी अधिकारी हैड कांस्टेबल राजेंद्र कुमार मोर्चरी पहुंचे तो परिजनों ने नाराजगी जताते हुए पोस्टमार्टम करवाने से ही इंकार कर दिया। करीब आधे घंटे तक समझाइश के बाद परिजन माने तो पोस्टमार्टम हो पाया। लालगढ़ जाटान में हादसे के बाद सड़क पर खड़े क्षतिग्रस्त कार व ट्रैक्टर-ट्रॉली। भास्कर संवाददाता| श्रीगंगानगर/ सरदारपुरा जीवन लालगढ़ जाटान से हनुमानगढ़ रोड पर सड़क हादसे में कार सवार युवक की मौत हो गई। हादसा बुधवार रात करीब 7:30 बजे हुआ। लालगढ़ जाटान पुलिस ने मृतक के भाई के परिवाद पर कार चालक पर लापरवाही और तेज गति से वाहन चलाकर टक्कर मारने और गैर इरादतन हत्या के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। जिला अस्पताल में गुरुवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया। मामले की जांच हैड कांस्टेबल राजेंद्रकुमार को सौंपी गई है। पुलिस के अनुसार मम्मड़खेड़ा गांव निवासी 35 वर्षीय कुलदीप नायक पुत्र पप्पूराम की मृत्यु हो गई है। उसके भाई सेलेंद्रकुमार नायक ने परिवाद में बताया कि घर पड़ोसी जयपाल श्रीगंगानगर में काम करता है। वह डयूटी से घर लौट रहा था। परिवादी का भाई किसान था और खेत से पैदल घर की ओर आ रहा था। रास्ते में चालक जयपाल ने परिवादी के भाई को कार में बैठाया। कार को तेज गति और लापरवाही से चलाते हुए लालगढ़ से करीब एक किमी पहले आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली के पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में परिवादी के भाई की मौत हो गई। कार चालक घायल है जिसका जिला अस्पताल में उपचार जारी है। टक्कर के बार कार के परखच्चे उड़ गए और पार्टस दूर दूर तक बिखर गए। पुलिस ने वाहनों को जब्त किया है।


