अशोकनगर के बहादुरपुर थाना क्षेत्र के जसैया गांव में शनिवार शाम एक ट्रैक्टर पलटने से उसके चालक की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा हनुमान मंदिर के आगे एक घाटी पर हुआ। मृतक बरखेड़ा जमाल निवासी 32 वर्षीय राजकुमार पुत्र मोहर सिंह अहिरवार है। बताया गया है कि राजकुमार शनिवार को बंगला चौराहा से एक ट्रैक्टर ट्रॉली में भसुआ लेकर जसैया गांव गया था। देर शाम परिजनों को सूचना मिली कि ट्रैक्टर पलटने से राजकुमार गंभीर रूप से घायल हो गया है। जब परिजन घटनास्थल पर पहुंचे, तो राजकुमार मृत अवस्था में मिले। परिजनों ने बताया कि राजकुमार कहीं नौकरी नहीं करता था और पहली बार बिना बताए ट्रैक्टर चलाने गया था, तभी यह दुर्घटना हो गई। उन्होंने पुलिस से घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की है। हादसे में केवल ट्रैक्टर ही पलटा, जबकि ट्रॉली सुरक्षित रही। ट्रैक्टर इस तरह से पलटा कि चालक की सीट पूरी तरह से दब गई थी, जिससे राजकुमार को बचने का मौका नहीं मिला। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बहादुरपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।


