ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने पर 283 के कटे चालान, ड्रिंक एंड ड्राइव के 31 केस

भास्कर न्यूज। जालंधर होली के मौके पर शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने सख्ती बरती। ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कुल 283 लोगों के चालान किए। इनमें से 31 मामले ड्रिंक एंड ड्राइव के सामने आए, जिनमें वाहन चालकों को शराब पीकर गाड़ी चलाते हुए पकड़ा गया। इसके अलावा शहर के अलग-अलग इलाकों में होली के दौरान 20 से ज्यादा जगहों पर लड़ाई-झगड़े और हंगामे की घटनाएं भी सामने आईं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार त्योहार को देखते हुए शहर के कई प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष नाके लगाए गए थे। इन नाकों पर वाहनों की जांच की गई और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसी दौरान पीपीआर मार्केट में होली खेलते समय दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि कुछ युवकों के बीच कहासुनी हुई जो देखते ही देखते झड़प में बदल गई। विवाद के दौरान कुछ युवकों ने तलवारें लहरानी शुरू कर दीं, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया और माहौल और ज्यादा गरमा गया। घटना की सूचना मिलते ही थाना डिविजन-7 की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई। पुलिस को देखते ही कुछ युवक मौके से भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन पुलिस ने दो युवकों को मौके से पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक तलवार बरामद की गई। पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में लेकर अपनी गाड़ी में बैठाया और थाने ले गई, जहां उनसे पूछताछ की गई। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि झगड़े में और कौन-कौन लोग शामिल थे। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक होली के दौरान कई जगहों पर छोटी-मोटी कहासुनी और झगड़े की घटनाएं सामने आईं, जहां कुछ लोगों ने पुलिस के साथ बहसबाजी भी की। हालांकि समय रहते पुलिस ने हालात को संभाल लिया और स्थिति को नियंत्रण में कर लिया। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें और किसी भी तरह की अवैध गतिविधि से दूर रहें। साथ ही ट्रैफिक नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित तरीके से त्योहार मनाएं। इसी के साथ सिविल अस्पताल में 20 से ज्यादा लड़ाई झगड़े के मामले आए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *