ट्रैफिक सुधार को लेकर कमिश्नर का बड़ा फैसला:जीई रोड, मालवीय रोड, केके रोड अब नो-वेंडिंग व नो-पार्किंग जोन, 50 मीटर दायरा प्रतिबंधित

राजधानी में बढ़ते ट्रैफिक दबाव और अव्यवस्थित पार्किंग की समस्या से राहत दिलाने के लिए पुलिस कमिश्नरेट ने दो माह के लिए विशेष कार्ययोजना लागू करने का फैसला लिया है। सोमवार को पुलिस कंट्रोल रूम में हुई बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए कई अहम निर्णय लिए गए। इसके तहत शहर के सभी प्रमुख मार्गों को चरणबद्ध तरीके से नो-वेंडिंग जोन और पार्किंग फ्री जोन घोषित किया जाएगा। मुख्य सड़कों पर अवैध ठेला-गुमटी और अनियंत्रित पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। प्रमुख तिराहा-चौराहों से सभी दिशाओं में 50-50 मीटर की सड़क पर नो-पार्किंग और नो-वेंडिंग जोन सख्ती से लागू होगी। इस दायरे में वाहन खड़े पाए जाने या अस्थाई व्यवसाय संचालित करने पर तत्काल दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। बैठक में शहर के प्रमुख मार्गों को नो‌-वेंडर और नो-पार्किंग जोन बनाने, रिंग रोड में चालानी कार्रवाई, रोड पर जेब्रा क्रॉसिंग लाइन और नए वेंडिंग जोन बनाने के निर्देश दिए गए। बैठक में रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के साथ निगम कमिश्नर विश्वदीप सहित तीनों जोन के पुलिस उपायुक्त और ट्रैफिक अधिकारी मौजूद रहे। अब टाटीबंध से जोरा तक रोड तक मुहिम टाटीबंध चौक से जोरा ब्रिज तक सर्विस रोड पर खड़े वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा। यातायात पुलिस और निगम की संयुक्त टीम नियमित रूप से इसकी निगरानी करेगी। जरूरत पड़ने पर क्रेन और टोइंग की मदद से वाहनों को हटाकर चालानी कार्रवाई की जाएगी। नई रोड मार्किंग और जेब्रा क्रॉसिंग बनेंगे इसके अलावा प्रमुख मार्गों पर नई रोड मार्किंग और जेब्रा क्रॉसिंग बनाई जाएगी, ताकि यातायात संचालन अधिक व्यवस्थित हो सके। सभी ऑटोमेटिक सिग्नल युक्त चौक-चौराहों पर कांक्रीट ब्लॉक रखकर लेफ्ट टर्न फ्री किया जाएगा, जिससे यातायात का प्रवाह बाधित न हो। अब नए वेंडिंग जोन भी बनाएं जाएंगे बाजार क्षेत्रों को व्यवस्थित करने के नगर निगम नए वेंडिंग जोन बनाएगा। पुलिस कमिश्नर ने निर्देश दिए हैं कि अतिक्रमण हटाने के बाद पेट्रोलिंग टीम लगातार निगरानी रखे, ताकि दोबारा कब्जा न हो सके। दो माह के इस अभियान से ट्रैफिक जाम की समस्या राहत मिलेगी। भास्कर इनसाइट शहर में 18 चौराहों पर सबसे ज्यादा ट्रैफिक, यहां बनाएंगे ट्रैफिक आईलैंड
राजधानी में सुबह और शाम के समय में शहर के प्रमुख 18 चौराहे ऐसे हैं, जहां ट्रैफिक जाम की समस्या सबसे ज्यादा है। इसमें सभी चौराहों को विशेष तौर पर लेफ्ट फ्री के कॉन्सेप्ट में बनाया जाएगा, ताकि लेफ्ट जाने वाले लोगों को वहां रूकना ना पड़े और चौराहे पर लंबी कतारें ना लगे। इसके तहत जयस्तंभ चौक, अनुपम गार्डन चौक, शास्त्री चौक, भगत सिंह चौक, खजाना चौक, भारतमाता चौक, कालीबाड़ी, महिला थाना, राजीव गांधी चौक सहित 18 चौराहे पर कार्य होंगे। इन्हीं में जेब्रा क्रॉसिंग, स्टॉप लाइन की सही से मार्किंग की जाएगी। साथ ही इन्हीं चौराहों के 50 मीटर के एरिया को नो-पार्किंग और नो-वेंडिंग जोन बनाया जाएगा। ताकि आवागमन में लोगों को आसानी हो।
रायपुर में कमिश्नरी कोर्ट शुरू… पहले दिन 2 को जेल, 21 मामलों में नोटिस रायपुर नगरीय निकाय क्षेत्र में 23 जनवरी को पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली लागू हुई थी। कमिश्नरेट लागू होने के बाद सहायक पुलिस आयुक्तों को कार्यपालक दंडाधिकारी की शक्तियां भी मिली। प्रणाली लागू होने के 25वें दिन कार्यपालक शक्तियों के तहत पुलिस कमिश्नरी कोर्ट शुरू हुआ। सोमवार को सेंट्रल जोन के कोतवाली रेंज और सिविल लाइन रेंज में सुबह 10.30 से 5.30 बजे तक कोर्ट लगा। यहां समय-समय पर रेंज के थानों से मामलों को पेश किया जाता रहा। पहले ही दिन कमिश्नरी कोर्ट ने 2 आरोपी को जेल भेजा और 21 को नोटिस जारी कर समय दिया गया। इसके तहत एसीपी कोतवाली ने एक मामले में शामिल 2 लोगों को शांति भंग होने की आशंका को देखते हुए जेल वारंट जारी किया। साथ ही 5 मामलों में शामिल 13 लोगों को नोटिस और समन जारी किया। इसी तरह एसीपी सिविल लाइन रमाकांत साहू ने भी लोक शांति भंग होने की आशंका पर 6 लोगों को कारण बताओ नोटिस जारी किया। कमिश्नरी प्रणाली के तहत सभी समन और नोटिस समयबद्ध तरीके से तामील कराए गए। अब कमिश्नरी कोर्ट के माध्यम से सार्वजनिक स्थानों पर उपद्रव, झगड़ा या शांति भंग करने वालों के खिलाफ अब त्वरित और सख्त कार्रवाई की जाएगी।
भास्कर लाइव:
कमिश्नरी कोर्ट कोतवाली रेंज- सक्षम अधिकारी एसीपी दीपक मिश्रा
– सुबह 10.30 बजे- अधिकारी कोर्ट रूम पहुंचे। 11 बजे करीब गोलबाजार थाना से एक प्रकरण पेश किया गया। यह मामला आपसी विवाद का था, जिसमें दो पक्षों के बीच बार-बार मारपीट होता था। मामले में दोनों ही पक्ष और उनके वकील कोर्ट में उपस्थित नहीं थे। इस पर कोर्ट ने उन्हें सूचना तामिली के लिए नोटिस जारी किया। इसके बाद गंज थाने से भी प्रकरण पेश किए गए, जिन्हें भी नोटिस भेजा गया। – दोपहर 3.30 बजे- लंच के बाद अधिकारी फिर कोर्ट रूम में उपस्थित थे। साढ़े तीन बजे मौदहापारा थाने से बीएनएस की धारा 170, 126 और 135(3) के एक मामले में दो लोगों को पेश किया गया। जमानत के लिए दोनों के वकील भी आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित थे। अधिकारी ने पुलिस द्वारा पेश किए गए दस्तावेज के साथ दोनों आरोपियों के वकीलों के दस्तावेज की जांच और समीक्षा की। इसके बाद इसे पंजीबद्ध कर स्वीकार किया गया। फिर 5 बजे ऑर्डरशीट नोट कराया गया। ऑर्डर में लिखा गया कि सक्षम जमानतदार नहीं होने और बाहर रहने से क्षेत्र की शांति भंग होने की आशंका को देखते हुए दोनों को सात दिनों के लिए जेल वारंट जारी किया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *