भास्कर न्यूज | अमृतसर वार्ड-10 की पार्षद श्रुति विज ने मजीठा रोड बायपास पर ट्रैक्टर-ट्रॉली से कूड़ा ले जाने के दौरान सड़क पर गिरते देखा तो चालक को समझाने लगीं कि कूड़ा उठाने का क्या फायदा। एक जगह से कूड़ा उठाने के बाद पूरी सड़क गंदा करते हुए जा रहे हो। इस पर चालक पार्षद से बहसबाजी पर उतर आया। चिल्लाकर बातें करने लगा। जब पार्षद ने कहा कि वीडियो बनाएंगी तो मुलाजिम ने दो टूक जवाब दिया कि जो करना है कर लो। इस बीच मीडियाकर्मी पहुंचे और वीडियो बनाने लगे तो निगम का मुलाजिम भड़क उठा और कैमरा छीनने की कोशिश करते हुए उलझने लगा। वहीं हंगामा देख सड़क पर मजमा लग गया। पार्षद ने बताया कि बीते मंगलवार को भी समझाया था कि सड़क पर कूड़ा गिर रहा है। लेकिन तब भी बहस की थी। अब फिर से यही हरकत करने लगा। लेकिन सड़कों की सफाई से लेकर कोई समझौता नहीं करेंगी। निगम कमिश्नर शहर को साफ रखने के लिए कूड़ा सड़कों पर फेंकने वालों के खिलाफ चालान काटने का आदेश दे रहे। निगम का मुलाजिम होने पर इन बातों का ध्यान नहीं रखेंगे तो कैसे मिशन पूरा होगा। बता दें कि 2 मिनट 54 सेकेंड का वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें ट्रैक्टर चालक पार्षद से सड़क पर ही बहस करता तो मीडिया कर्मी से कैमरा छीनने व हाथापाई करने की कोशिश करता नजर आ रहा है। निगम सूत्रों की मानें तो जो चालक पार्षद व मीडिया से उलझ रहा वह बेलदार पोस्ट पर तैनात है। लेकिन ट्रैक्टर-ट्रॉली से कूड़ा भगतांवाला डंप फेंकने का काम करता है। हैरानी तो यह है कि ट्रैक्टर से कूड़ा ले जाते समय तिरपाल से ढंकने का नियम है ताकि कचरा न तो सड़क पर गिरे न ही हवा में फैले। लेकिन सब भगवान भरोसे ही चल रहा है। जिस ट्रैक्टर से कूड़ा ले जाया जा रहा, उसमें कोई प्लेट नंबर नहीं लगी है। हाथ से लिखा गया है।


