​​​​​​​ठंड से बचने के लिए जलाई बोरसी, दंपती की मौत:जमीन पर पड़ी मिली दोनों की लाश, नाक से निकल रहा था खून; दम घुटने की आशंका

कोडरमा थाना क्षेत्र के पूर्णानगर में बीती रात धुएं से दम घुटने के कारण एक दंपती की मौत हो गई। दंपती अत्यधिक ठंड के कारण कमरे में बोरसी जलाकर सोए हुए थे। सुबह उनका शव कमरे से बाहर निकाला गया। मृतकों की पहचान 55 वर्षीय वीरेंद्र शर्मा उर्फ नन्हकू और उनकी 48 वर्षीय पत्नी कांति देवी के रूप में हुई है। दंपती की दम घुटने की आशंका जताई जा रही है। इधर, मृतक दंपती की बड़ी बहू जयंती देवी ने बताया कि गुरुवार शाम ससुर अपनी आंखों की समस्या के संबंध में सदर अस्पताल गए थे। अस्पताल से लौटने के बाद, पूरे परिवार ने रात का खाना खाया और करीब 11 बजे अपने-अपने कमरों में सोने चले गए। मिट्‌टी के बर्तन में जल रही थी लकड़ी कड़ाके की ठंड को देखते हुए, वीरेंद्र शर्मा और उनकी पत्नी एक बोरसी (आग तापने के लिए इस्तेमाल होने वाला मिट्टी का बर्तन) जिसमें लकड़ी जल रही थी, उसे अपने कमरे में लेकर सो गए। दंपती जमीन पर बेसुध अवस्था में गिरे हुए थे अगले दिन सुबह करीब 6 बजे जब बहू जयंती देवी उठीं और घर में झाड़ू लगा रही थीं, तो वे अपने सास-ससुर के कमरे में पहुंचीं। वहां उन्होंने देखा कि उनके सास और ससुर दोनों जमीन पर बेसुध अवस्था में गिरे हुए थे। उनके नाक से खून भी बह रहा था। वीरेंद्र शर्मा सैलून की दुकान चलाते थे जयंती देवी ने तुरंत शोर मचाया और अपने पति व परिवार के अन्य सदस्यों को नींद से जगाया। इसके बाद सभी लोग दंपती को लेकर सदर अस्पताल कोडरमा पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक वीरेंद्र शर्मा कोडरमा बाजार में एक सैलून की दुकान चलाते थे। उनके परिवार में दो बेटे, दो बहुएं और एक बेटी-दामाद हैं। इस घटना से परिजनों में गहरा शोक है। घटना की सूचना मिलने पर कोडरमा पुलिस सदर अस्पताल पहुंची। पुलिस ने मृतक के पुत्र से लिखित बयान दर्ज किया और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *