ठंड से राहत दिलाने के लिए गढ़वा जिले को मिले हैं 36 हजार 901 कंबल

एनाम खान | गढ़वा गढ़वा जिले में ठंड से लोग परेशान हो रहे हैं। गढ़वा जिला न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। इसे देखते हुए वितरण के लिए कंबल भी पहुंच गए हैं। गढ़वा जिले को कुल 36 हजार 901 कंबल प्राप्त हुए हैं। जिन्हें सामाजिक सुरक्षा कोषांग द्वारा विभिन्न प्रखंडों को आवंटित भी कर दिया गया है। पंचायत प्रतिनिधियों के माध्यम से कंबल वितरण कराया जा रहा है। कंबल पहुंचने से लोगों ने राहत की सांस ली है। विभाग से मिली जानकारी के अनुसार सदर प्रखंड कार्यालय गढ़वा को कुल 3828, मेराल प्रखंड में 3480, रमना प्रखंड में 1914, मझिआंव प्रखंड में 1566, रंका प्रखंड में 2436, डंडई प्रखंड में 1566, खरौंधी प्रखंड में 1566, केतार प्रखंड में 1218, भवनाथपुर प्रखंड में 1566, डंडा प्रखंड में 522, भंडरिया प्रखंड में 1044, बड़गड़ में 696, चिनियां प्रखंड में 1218, रमकंडा प्रखंड में 1218, बरडीहा प्रखंड में 1044, कांडी प्रखंड में 2784, बंशीधर नगर प्रखंड में 2088, धुरकी प्रखंड में 1392, सगमा प्रखंड में 870, विशुनपुरा प्रखंड में 870, नगर परिषद गढ़वा में 1200, नगर पंचायत मझिआंव में 720, नगर पंचायत बंशीधर नगर में 1080 और जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग कार्यालय को 1015 कंबल उपलब्ध कराए गए हैं। जिले को उपलब्ध कराए गए कंबल गरीब, असहाय और जरूरतमंदों के बीच वितरण करने का निर्देश दिया गया है। आज शनिवार को गढ़वा नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में गरीब व असहाय लोगों के बीच कंबल वितरण किया गया। एक जनवरी को न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री व अधिकतम 20.5 डिग्री, दो को 7.4 डिग्री व 21.2 डिग्री, तीन को 7.0 डिग्री व 21 डिग्री, चार को न्यूनतम 6.3 डिग्री और अधिकतम 20.5 डिग्री तापमान रिकार्ड किया गया। लोगों ने दिन के 12 बजे लिया अलाव का सहारा आज शनिवार को जिला मुख्यालय सहित विभिन्न क्षेत्रों में कोहरा छाया रहा। विजिबिलिटी 40 मीटर रही। ऐसे में वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं कोहरा छाने तथा तापमान में गिरावट आने सहित सर्द चलने के कारण लोग दिन के 12 बजे तक अलाव तापते देखे गए। कश्मीर और हिमाचल में बर्फबारी से ठंड बढ़ी कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉक्टर अशोक कुमार ने कहा कि वर्तमान में कश्मीर एवं हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी के कारण ठंड बढ़ी है। जिसके कारण अगले सप्ताह बंगाल की खाड़ी में न्यूनतम दबाव भी बन सकता है। इस कारण झारखंड में ठंड बढ़ने के साथ-साथ कहीं-कहीं हल्की वर्षा भी हो सकती है। रात में न्यूनतम तापक्रम जहां 7 डिग्री तक जा सकता है। वहीं दिन का अधिकतम तापक्रम 24 से 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। आने वाला 10 दिन का मौसम सभी फसलों के लिए अच्छा है। परंतु आलू फसल के लिए घातक हो सकता है। आलू में झुलसा रोग लग सकता है। अतः किसान भाई सतर्क रहें और जैसे ही झुलसा का प्रकोप दिखे एक ग्राम रिडोमिल एम जेड 78 प्रति लीटर पानी में घोलकर 7 दिन के अंतराल पर दो छिड़काव करें। वहीं आलू के खेत में नमी बनाए रखें। सरसों में लाही का आक्रमण होने पर डाइमेथिओएट या मेटासिस्टॉक्स या इमिडाक्लोप्रिड एक मिलीलीटर प्रति लीटर पानी में घोलकर छिड़काव करें। गेहूं में पहले एवं दूसरे सिंचाई पर 30 से 35 किलो यूरिया प्रति एकड़ की दर से डालें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *