भास्कर न्यूज | अमृतसर साइबर अपराध, चेन स्नैचिंग, ठगी, फिरौती के लिए अपहरण, चोरी जैसे बढ़ते अपराधों पर रोक लगाने के लिए एक सख्त कानून लाने होंगे। यह मांग समाजसेवी जीएस ग्रोवर ने सरकार से की है। ग्रोवर ने कहा कि अगर इस तरह के अपराधों में पकड़े गए अपराधियों से सख्त तरीके से वसूली और सजा सुनिश्चित की जाए, तो कम समय में अपराधों पर काफी हद तक काबू पाया जा सकता है। उनके मुताबिक प्रस्तावित कानून के तहत अगर ऐसे मामलों में पकड़ा जाता है, तो उससे अपराध में शामिल रकम की दोगुनी राशि वसूली की जाए। अगर अपराधी यह रकम चुकाने में असफल रहता है, तो उसे जमानत और पैरोल के बिना जेल में रखा जाए। उन्होंने कहा कि अगर वही अपराधी दोबारा इसी तरह का अपराध करता है तो उससे वसूली की राशि चार गुना कर दी जाए। उनका मानना है कि इस तरह के कड़े प्रावधान अपराधियों में डर पैदा करेंगे और अपराध करने से पहले वे कई बार सोचने पर मजबूर होंगे।


