पुलिस ने वित्तीय घोटाले में कार्रवाई करते हुए सराभा नगर थाने में एफआईआर दर्ज की है। शिकायतकर्ता अनुज कुमार, निदेशक उद्यम इंडिया ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अप्रैल 2024 में एजेएसपी कंपनी के निदेशक विपिन के साथ टीएमटी बार और रॉड निर्माण सामग्री की खरीद-बिक्री का कारोबार शुरू किया था। अनुज कुमार के मुताबिक 30 मई 2025 को विपिन पर भारी भुगतान बकाया था, लेकिन वह रकम देने की बजाय लगातार टालमटोल करता रहा। कई बार फोन करने और एसएमएस भेजने का भी कोई जवाब नहीं मिला। कुछ दिन बाद जब विपिन से संपर्क हुआ तो विपिन ने उन्हें लुधियाना बुलाया। लुधियाना पहुंचने पर अपने अंकल सुशील भल्ला के साथ मुलाकात की। इस दौरान दोनों ने ठगी की बात स्वीकार की और एक हफ्ते में रकम लौटाने का भरोसा दिया। अनुज ने पुलिस को बताया कि इस कारोबारी साझेदारी के तहत सभी लेन-देन एजेएसपी के नाम पर विपिन के निर्देशानुसार किए गए, जो भरोसे और आपसी समझ पर आधारित थे। लेकिन रकम न लौटाने और संपर्क से गायब होने पर उन्हें ठगी का अहसास हुआ। अनुज कुमार ने सराभा नगर थाना पुलिस को बिल और दस्तावेज सबूत के तौर पर सौंपे हैं। पुलिस ने विपिन और उसके चाचा के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


