झुंझुनूं में सब्जी की रेहड़ी लगाने वाले एक युवक ने ईमानदारी की मिसाल पेश की है। लाखों रुपए के गहनों से भरा बैग देख कर भी युवक का ईमान नहीं डगमगाया और युवक ने गहनों से भरा बैग लौटा दिया। युवक की ईमानदारी को देखते हुए महिला के ससुर ने उन्हें चांदी का सिक्का व शॉल पहनाकर सम्मानित किया। शीथल निवासी रिटायर्ड सूबेदार राजेंद्र धायल ने बताया कि 13 फरवरी को उसकी बहू शादी में जाने के लिए गहने लेकर आई थी। झुंझुनूं शहर में पंचदेव के पास सब्जी खरीद रही थी। इस दौरान रेहड़ी पर ही गहनों से भरा बैग भूल गई। घर पहुंचने के बाद अगले दिन याद आया। खोजबीन करते हुए सब्जी विक्रेता बिजेंद्र सैनी की दुकान पहुंचे तो उन्होंने बैग को सुपुर्द कर दिया। महिला के ससुर रिटायर्ड सूबेदार ने बृजेंद्र सैनी की ईमानदारी से प्रभावित हुए। उन्हें शॉल और चांदी का सिक्का देकर सम्मानित किया। इस मौके पर उपभोक्ता आयोग के अध्यक्ष मनोज मील ने सब्जी विक्रेता बृजेंद्र सैनी को उनकी सकारात्मक सोच और ईमानदारी के लिए प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। इस नेक कार्य की सराहना की। उन्होंने कहा कि बृजेंद्र सैनी की ईमानदारी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि समाज में आज भी सच्चाई और ईमानदारी की महत्वपूर्ण जगह है। मेरी युवाओं से अपील है कि वे सकारात्मक सोच और इंसानियत के साथ अपने जीवन को बिताए। इससे आम आदमी इससे अच्छा मैसेज जाएगा। इस दौरान जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु सिंह भी मौजूद रहे।


