भास्कर न्यूज | गढ़वा जिले में पड़ रही कड़ाके की ठंड और शीतलहर के प्रभाव को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से इस वर्ष 36901 कंबल की आपूर्ति की गई है। सभी बीस प्रखंडों के 189 पंचायतों के लिए प्रत्येक पंचायत 174 कंबल के हिसाब से 32 हजार 886 कंबल वितरण के लिए प्रखंड स्तर पर मुहैया कराई गई है। वहीं नगर परिषद गढ़वा को 1200, नगर पंचायत मझिआंव को 720 और नगर पंचायत बंशीधर नगर को 1080 कंबल मुहैया कराई गई है। साथ ही सामाजिक सुरक्षा कोषांग में 1015 कंबल सुरक्षित रखा गया है। जिसे समय समय पर जरूरतमंदों के बीच वितरण किया जाता है। कंबल वितरण की शुरूआत डीडीसी पशुपतिनाथ मिश्रा ने 31 दिसंबर की रात शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर घूम घूम कर जरूरतमंदों को कंबल देकर किया था। इसके बाद लगातार कंबल वितरण जिला प्रशासन की ओर से की जा रही है। हालांकि अभी तक कितना कंबल का वितरण किया जा सका है। इसकी विवरण सामाजिक सुरक्षा कोषांग को प्राप्त नहीं हुआ है। कंबल वितरण के क्रम में शनिवार को डंडई प्रखंड के पचौर पंचायत में कार्यक्रम आयोजित कर 65 दिव्यांगों के बीच कंबल का वितरण कर उन्हें ठंड से राहत पहुंचाई गई। मौके पर सामाजिक सुरक्षा कोषांग के सहायक निदेशक पंकज कुमार गिरि ने कहा कि मुख्य उद्देश्य शीतलहर के दौरान दिव्यांगजनों को सुरक्षित व ठंड से राहत दिलाना है। कहा कि शीतलहर की अवधि में जरूरतमंद, दिव्यांग व कमजोर वर्गों के लिए राहत कार्य आगे भी लगातार जारी रहेगा।


