टीकमगढ़ के अस्पताल चौराहे पर शनिवार सुबह करीब 5:30 बजे एक डंपर ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में टमाटर से भरी ट्रॉली पलट गई और डंपर अनियंत्रित होकर पीडब्ल्यूडी के सरकारी आवास की दीवार से जा टकराया। गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टमाटर से भरी ट्रॉली सड़क पर पलट गई, जिससे पूरे चौराहे पर टमाटर बिखर गए। ट्रैक्टर को टक्कर मारने के बाद डंपर भी बेकाबू हो गया और सड़क किनारे स्थित सरकारी आवास की दीवार में घुस गया। दरअसल, अस्पताल चौराहे पर जगह की कमी के कारण बड़े वाहनों को मोड़ने में परेशानी होती है। इस वजह से कई वाहन चालक अक्सर गलत दिशा से निकल जाते हैं। सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में चौराहे को चौड़ा करने पर दो बार चर्चा हो चुकी है, लेकिन इस दिशा में अभी तक कोई काम शुरू नहीं हुआ है। आज सुबह जेल रोड से आ रहे डंपर ने अस्पताल चौराहे के पास टमाटर से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मारी। घटना के समय मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने डायल 112 को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों की मदद से सड़क पर पड़ी ट्रॉली को हटवाया। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है।


