रायसेन जिले में एक सड़क हादसे में दो बाइक सवार युवकों की मौत हो गई। यह घटना सोमवार शाम करीब 5 बजे औबेदुल्लागंज थाना क्षेत्र की बरखेड़ा चौकी अंतर्गत हुई। एक तेज रफ्तार डंपर ने रातापानी अभ्यारण्य के गेट के सामने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक डंपर के पहियों के नीचे दब गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, भोपाल के हुजूर निवासी 24 वर्षीय गणेश विश्वकर्मा और बैतूल के चिचोली निवासी 32 वर्षीय राजेश गोरेलाल बाइक से भोपाल से बैतूल जा रहे थे। रातापानी गेट के पास एक तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। आरोपी डंपर चालक मौके से फरार
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने डंपर जब्त कर लिया है और आरोपी चालक की तलाश जारी है।


