डकैती कांड में हथियार सप्लायर गिरफ्तार:पश्चिमी सिंहभूम में फरार आरोपी को देने आया था देशी कट्टा और 60 जिंदा कारतूस

पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ाजामदा ओपी पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अनिल चौरसिया डकैती कांड से जुड़े एक फरार अभियुक्त को हथियार और कारतूस की आपूर्ति करने आए एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके पास से भारी मात्रा में हथियार और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। यह कार्रवाई 19 दिसंबर 2025 को पुलिस अधीक्षक, पश्चिमी सिंहभूम को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई। अक्टूबर माह में बड़ाजामदा निवासी अनिल चौरसिया के घर डकैती हुई थी। इस दौरान 2.5 लाख रुपए नगद, एक सोने का ब्रेसलेट (90 हजार रुपए) और एक सोने की चेन (लगभग 80 हजार रुपए) लूटी गई थी। इस संबंध में गुवा (बड़ाजामदा ओपी) थाना कांड संख्या 45/25, दिनांक 14.10.2025 दर्ज किया गया था। इस मामले में पहले ही पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। हथियार और कारतूस वांछित अभियुक्त राजू लोहार को देने जा रहा था पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि उक्त डकैती में प्रयुक्त हथियार और गोली पहुंचाने के लिए एक व्यक्ति बड़ाजामदा आ रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, किरीबुरु के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़ाजामदा बस स्टैंड से करण कुमार महतो को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी करण कुमार महतो, डकैती कांड में जेल भेजे गए अभियुक्त दीपक महतो का भतीजा बताया जा रहा है। वह ये हथियार और कारतूस वांछित अभियुक्त राजू लोहार को देने जा रहा था। गिरफ्तार अभियुक्त के पास से एक सिल्वर रंग का देशी कट्टा, एक स्टील रंग का स्वचालित पिस्तौल, दो खाली मैगजीन, 41 जिंदा कारतूस (7.65 एमएम), 10 जिंदा कारतूस (9 एमएम), 09 जिंदा कारतूस (8 एमएम) और एक काले रंग का मोबाइल फोन बरामद किया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *