डकैती की योजना बनाने के मामले में आरोपी गिरफ्तार:पुलिस ग्वालियर जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाई, 3 साल पुराने मामले में पूछताछ

धौलपुर जिले में वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बसईडांग थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने तीन साल पुराने डकैती की योजना से जुड़े एक मामले में वांछित आरोपी रामसहाय को गिरफ्तार किया है। आरोपी को ग्वालियर (मध्यप्रदेश) जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाया गया। यह कार्रवाई धौलपुर पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशन में की गई। अभियान के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एडीएफ बाड़ी कमल कुमार और वृत्ताधिकारी बाड़ी महेंद्र कुमार के सुपरविजन में थानाधिकारी बसईडांग दुर्ग सिंह और उनकी टीम ने आरोपी को पकड़ा। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी रामसहाय (34) पुत्र रघुनाथ है, जो कुदिन्ना, थाना सोने का गुर्जा, जिला धौलपुर का निवासी है। आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 147, 148, 149, 332, 353, 307, 399, 402 के तहत मामला दर्ज है। इसके अतिरिक्त उस पर 11 आरडीए एक्ट और आयुध अधिनियम संशोधन 2019 की विभिन्न धाराएं भी लगाई गई हैं। यह मामला डकैती की योजना बनाने और पुलिस पर हमला करने से संबंधित है। रामसहाय वर्तमान में पुलिस कस्टडी रिमांड पर है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान अन्य अपराधों और उसके सहयोगियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है। पुलिस ने बताया कि जिले में वांछित अपराधियों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि कानून व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *