भास्कर न्यूज | राजनांदगांव शहर में डामरीकरण का काम अधूरा छोड़ने वाले ठेकेदारों पर कार्रवाई की जाएगी। लोक कर्म विभाग की समीक्षा बैठक में निगम आयुक्त ने यह निर्देश अफसरों को दिए। आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने निर्माण कार्यों की समीक्षा कर कहा कि डामरीकरण व पेचवर्क के बंद कार्य जल्द चालू कराए जाएं। शौचालय मरम्मत के शेष कार्य शीघ्र पूर्ण करें एवं वार्डों में चल रहे कार्य में तेजी लाकर समय सीमा में पूर्ण कराने कहा। बैठक में आयुक्त विश्वकर्मा ने कहा कि सभी निर्माण कार्य जिनकी निविदा हो चुकी है। उसे तत्काल प्रारंभ कराए तथा वार्डों में चल रहे निर्माण कार्य में तेजी लाकर समय सीमा में पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने डामरीकरण एवं पेचवर्क कार्य की जानकारी लेकर कहा कि डामरीकरण के शेष कार्य जल्द चालू कराए जाएं। इसके लिए ठेकेदारों को निर्देशित करें, कार्य चालू नहीं करने पर नोटिस जारी करें। उन्होंने वार्ड वार निर्माण कार्यों की जानकारी लेकर कहा कि जिन ठेकेदारों के द्वारा अधूरे कार्य किए गए हैं और जिनके द्वारा कार्यादेश उपरांत कार्य प्रारंभ नहीं किया गया है, उनसे बात कर काम चालू कराएं अन्यथा नहीं करने की स्थिति में नोटिस जारी करें। हाईटेक शौचालय का निर्माण: आयुक्त विश्वकर्मा ने सार्वजनिक व सामुदायिक शौचालय मरम्मत कार्य की उप अभियंताओं से प्रगति की जानकारी लेकर कहा कि अधूरे शौचालय मरम्मत कार्य शीघ्र पूर्ण करें। प्रतिदिन मानिटरिंग कर चालू कार्य में प्रगति लाकर समय सीमा में पूर्ण कराएं। गोल बाजार में निर्माणाधीन हाईटेक शौचालय निर्माण भी समय सीमा में पूर्ण कराने कहा। उन्होंने सभी सहायक अभियंताओं एवं कार्यचालन अभियंताओं से भी अपने प्रभारित वार्ड के उप अभियंताओं से कार्यों की जानकारी लेकर मानिटरिंग करने तथा किसी भी प्रकार की समस्या का तत्काल निराकरण करने कहा।


