भास्कर न्यूज | बालोद जिला मुख्यालय से 32 किमी दूर ग्राम आसरा से खेरथाबाजार सरहद तक 2.6 किमी सड़क खराब होने से 10 गांव के लोगों व छात्र-छात्राओं को परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। सड़क के गड्ढों में पानी भर गया है। इस बदहाल से गुजरकर अछोली, कापसी, खेरथा, संजारी, गंजईडीह, कोटेरा सहित आसपास 10 गांव के छात्र-छात्राएं कॉलेज, स्कूल पहुंचते हैं। ग्रामीणों के अनुसार 2017 में पीडब्ल्यूडी की निगरानी में डामरीकरण के नाम पर 21 लाख खर्च हुआ था। अब विभागीय अफसर ग्रामीणों को जानकारी दे रहे हैं कि यह सड़क ग्रामीण विकास विभाग के अधीन है। 2017 मंे गुणवत्ता अनुरूप काम नहीं होने की शिकायत ग्रामीणों ने की थी लेकिन प्रशासनिक, राजनीतिक दबाव के चलते मामला शांत हो गया। वर्तमान स्थिति ऐसी है कि सड़क चलने लायक नहीं बची। ग्राम आसरा निवासी उप सरपंच रामनरेश सोनकर ने बताया कि हमारे गांव की सड़क बदहाल हो चुकी है। गड्ढों में मुरुम डलवाए थे लेकिन बारिश होने के बाद स्थिति जस की तस हो गई है। 50 से ज्यादा छोटे व बड़े आकार के गड्ढे होने से सड़क चलने लायक नहीं है। सड़क संकरा भी हो चुका है। जनदर्शन में आवेदन देकर सड़क को संवारने की मांग कर चुके है।


