डायरिया: पाइप लाइन में लीकेज, गंदे पानी की सप्लाई, 25 बीमार, एक मौत

भास्कर न्यूज | बालोद जिला मुख्यालय से 5 किमी दूर ग्राम तरौद में डायरिया की चपेट में दो दिन में 25 लोग आ चुके हैं। डायरिया से संक्रमित 40 वर्षीय मोहिन निषाद की मौत शुक्रवार को जिला अस्पताल में हो चुकी है। हालांकि युवक की मौत की वजह स्वास्थ्य विभाग की ओर से हार्टअटैक बताया गया है लेकिन यह भी स्पष्ट कर रहे हैं कि युवक डायरिया संक्रमित था। दैनिक भास्कर की पड़ताल में सामने आया है कि तरौद में डायरिया फैलने की मुख्य वजह गंदा पानी की सप्लाई होना है। पीएचई के अनुसार ग्राम पंचायत की ओर से बोर से कनेक्ट जिस पाइप से पानी सप्लाई हो रही थी, उसमें लीकेज पाया गया है। गंदगी के बीच पाइपलाइन गुजरी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि गंदा पानी आने की शिकायत पिछले सप्ताह से करते आ रहे थे लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। जब उल्टी-दस्त के मरीज ज्यादा मिले, तब प्रशासन की ओर से ध्यान दिया गया। सीएमएचओ डॉ. एमके सूर्यवंशी ने बताया कि तरौद में स्थिति सामान्य हो चुकी है। गंदा पानी पीने से लोग बीमार हुए हैं। हालांकि युवक की मौत हार्ट अटैक से होने की जानकारी अस्पताल प्रबंधन से मिली है। महेंद्र दास मानिकपुरी ने बताया कि नल से गंदा पानी आने की जानकारी पहले से प्रशासन को दे चुके थे। गिलास में पानी को रखकर चेक करने पर कीड़े भी दिखे लेकिन तब किसी ने ध्यान नहीं दिया। अब स्थिति ऐसी हो गई कि गांव में अपने बीच का एक व्यक्ति की मौत हो गई। मौत के बाद औपचारिकता निभाने प्रशासनिक अमला तत्काल गांव पहुंच गए। ग्राम पंचायत के पूर्व सरपंच शिवराम ने बताया कि गांव के बड़े पारा में पुरानी टंकी व बोर के माध्यम से पानी सप्लाई हो रही है। जल जीवन मिशन की नई टंकी व कई बोर से भाठापारा के घरों में पानी सप्लाई हो रही है। इसी माह बोर खनन भी हुआ था। बोर से सप्लाई हो रहे पानी पीने से लोग बीमार हुए है। पीएचई के अनुसार ग्राम पंचायत की ओर से पानी सप्लाई के लिए पाइपलाइन बिछाया गया था। जो लीकेज हुआ था। इसी लीकेज की वजह से गंदा पानी घरों में पहुंच रहा था। दावा किया जा रहा है कि जल जीवन मिशन के तहत बनी टंकी से साफ पानी सप्लाई हो रही थी। ग्रामीणों ने कहा जल्द राहत मिले। पीएचई के ईई सागर वर्मा ने बताया कि हमारी टीम गांव में पहुंचकर कई स्थानों का निरीक्षण किया है। जिसमें यह तथ्य सामने आया कि जल जीवन मिशन के तहत बिछाई गई पाइपलाइन से साफ पानी की सप्लाई हो रही है। इसमें लीकेज या किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं है। ग्राम पंचायत स्तर पर जो पाइप बिछा था, उसमें लीकेज पाया गया है। पानी के 5 सैंपल की जांच लैब में होगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। फिलहाल टंकी व बोर के माध्यम से पानी सप्लाई बंद है। टैंकर से पानी की सप्लाई हो रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *