डिंडौरी कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए शहपुरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बीएमओ डॉ. सतेंद्र परस्ते और जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. अजय राज को हटा दिया है। अब डॉ. रत्नेश द्विवेदी शहपुरा के नए बीएमओ और डॉ. रमेश मरावी जिला अस्पताल के सिविल सर्जन होंगे। डॉ. सतेंद्र परस्ते के खिलाफ आयुष्मान प्रोत्साहन राशि में गड़बड़ी की शिकायतें मिली थीं। 16 दिसंबर को अस्पताल के स्टाफ और डॉक्टरों ने ही कलेक्टर से उनकी शिकायत की थी। कलेक्टर ने उन्हें हटाकर मेहदवानी स्वास्थ्य केंद्र में अटैच कर दिया है और मामले की जांच के लिए टीम गठित की है। सिविल सर्जन ने खुद किया था प्रभार छोड़ने का अनुरोध जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. अजय राज के बारे में आदेश में कहा गया है कि उन्होंने खुद पद से मुक्त होने का अनुरोध किया था। हालांकि, 26 दिसंबर को कलेक्टर के निरीक्षण के दौरान डॉ. अजय राज सहित कई डॉक्टर गायब मिले थे और दफ्तरों में ताले लटके थे, जिस पर कलेक्टर ने उन्हें कड़ी फटकार लगाई थी। अब उनकी जगह डॉ. रमेश मरावी को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।


