डिंडोरी में ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान परिसर में जिला उद्योग एवं व्यापार विभाग द्वारा स्वरोजगार मेला आयोजित किया गया। मेले का उद्देश्य युवाओं और जरूरतमंदों को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करना रहा। मेले में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत 10 हितग्राहियों और मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के तहत 6 हितग्राहियों को स्वरोजगार शुरू करने के लिए ऋण उपलब्ध कराया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष और विधायक ने किया संबोधन कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष चमरू सिंह नेताम और डिंडोरी विधायक ओमकार मरकाम ने मौजूद लोगों को संबोधित किया और स्वरोजगार के महत्व पर अपने विचार रखे। भाजपा जिलाध्यक्ष चमरू सिंह नेताम ने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश को गरीब, युवा, महिला और किसान—इन चार वर्गों में बांटकर विकास की योजनाएं बनाई हैं। उन्होंने कहा कि सरकार इन वर्गों को सशक्त बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। मालिक बनने का संदेश, स्वरोजगार पर जोर नेताम ने नौकर और मालिक के अंतर को समझाते हुए कहा कि लोगों को स्वरोजगार स्थापित कर मालिक बनना चाहिए और दूसरों को भी रोजगार देना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान एक छात्रा मीना ने खड़े होकर कहा कि पढ़ाई का उद्देश्य केवल ज्ञान प्राप्त करना है और नौकरी या स्वरोजगार का चुनाव वे अपनी इच्छा से करेंगी। विधायक मरकाम ने बताई वित्तीय स्वतंत्रता की अहमियत डिंडोरी विधायक ओमकार मरकाम ने कहा कि व्यक्ति को आर्थिक रूप से मजबूत होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि जब जेब खाली होती है तो अपने लोग भी पहचानने से इनकार कर देते हैं। विधायक मरकाम ने बताया कि 3 दिसंबर को उन्होंने विधानसभा के सामने मनरेगा को लेकर धरना दिया था, क्योंकि जिले में रोजगार की कमी के कारण लोग पलायन कर रहे थे। 125 दिन रोजगार मिला, 200 की थी मांग धरने के बाद मनरेगा कमिश्नर ने जिले का दौरा किया और जमीन व जल संरचनाओं से जुड़े कार्यों का प्रतिवेदन दिया। इसके बाद जिले में 125 दिन का रोजगार स्वीकृत हुआ, जबकि विधायक की मांग 200 दिन की थी। मेले में जिला पंचायत उपाध्यक्ष अंजू ब्यौहार, जिला पंचायत सदस्य हीरा परस्ते, नरेंद्र राजपूत, कृष्णा परमार, महेश धूमकेती, कांग्रेस से जावेद खान, राधेलाल नागवंशी, एसडीएम भारती मरावी सहित अधिकारी, कर्मचारी और हितग्राही मौजूद रहे। इन हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से विकास नंदा, आदित्य उईके, पुनीत कुमार यादव, रोमा गुप्ता, आरती यादव, परमानंद झरिया, सुमन नायक, प्रकाश नंदा और किस्त तुन निशा को लाभ दिया गया।मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना से सुंदर सिंह कुशवाहा, प्रदीप कुमार चौहान, सुरेश कुमार, आजाद सोनी, दीपक मौहारी और सुरेश कुमार को ऋण स्वीकृत किया गया।


