डिंडोरी में बुधवार को बजरंग दल के कार्यकर्ताओं की सूचना पर आबकारी विभाग ने बस स्टैंड से अवैध शराब जब्त की। इस दौरान अवैध शराब का परिवहन कर रहे एक युवक को भी पकड़ा गया। बजरंग दल के सदस्य विवेक ओबेरॉय ने बताया कि संगठन ने एक दिन पहले ही नर्मदा नदी के किनारे नगर में बिक रही अवैध शराब पर रोक लगाने के लिए कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा था। बुधवार को सदस्यों के साथ बस स्टैंड पहुंचने पर उन्होंने आबकारी अधिकारियों को फोन कर जानकारी दी। ओबेरॉय के अनुसार, अधिकारी काफी देर बाद पहुंचे और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं द्वारा थैले में रखी शराब दिखाने के बाद ही कार्रवाई की। आबकारी अधिकारी एस.एस. धुर्वे ने बताया कि सूचना मिलने पर टीम के साथ बस स्टैंड पहुंचे थे। वहां से थैले में रखी 18 पाव अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की गई है। इस मामले में अवैध शराब का परिवहन कर रहे युवक जगदीश बर्मन को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारी ने कहा कि मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।


