डिंडौरी में बुधवार को हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता सिटी कोतवाली पहुंचे। उन्होंने इंस्टाग्राम पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट करने वाले एक युवक की गिरफ्तारी की मांग करते हुए कोतवाली निरीक्षक को ज्ञापन दिया। संगठनों ने कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। इंस्टाग्राम पर की आपत्तिजनक पोस्ट विहिप के पूर्व जिला अध्यक्ष अवधराज बिलैया ने बताया कि 25 नवंबर को शेख शहीक खान नामक युवक ने इंस्टाग्राम पर आरएसएस के खिलाफ एक आपत्तिजनक पोस्ट शेयर की थी। इस पोस्ट में एक व्यक्ति टी-शर्ट पहने हुए है और आरएसएस पर कुत्ता पेशाब करते हुए दिखाया गया है। बिलैया ने कहा कि आरएसएस एक राष्ट्रवादी संस्था है जो देशहित में काम करती है। ऐसी पोस्ट से करोड़ों हिंदू भाइयों की भावनाओं को ठेस पहुंची है। उन्होंने पुलिस से पोस्ट शेयर करने वाले युवक पर कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार करने की मांग की, ताकि समाज में कोई अप्रिय घटना न हो। उन्होंने बताया कि युवक पहले भी कई बार धार्मिक पोस्ट पर गलत टिप्पणी कर चुका है। अपने स्तर पर कार्रवाई की चेतावनी अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद के अध्यक्ष जितेंद्र विश्वकर्मा ने कहा कि डिंडौरी में रहने वालों को ऐसी मानसिकता छोड़नी होगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पुलिस ने कार्रवाई नहीं की, तो वे अपने स्तर पर कार्रवाई करेंगे। युवक ने मांगी माफी, बोला गलती से शेयर की मामले को बढ़ता देख, युवक ने सोशल मीडिया पर माफीनामा लिखा है। उसने पोस्ट में लिखा कि उसकी ऐसी कोई भावना नहीं थी और उसने यह पोस्ट गलती से शेयर कर दी थी। युवक ने कहा कि वह सभी धर्मों का सम्मान करता है और उसने मंगलवार रात में ही सोशल मीडिया पर माफी मांग ली थी। केस दर्ज, जांच कर रही पुलिस वहीं कोतवाली प्रभारी दुर्गा प्रसाद नगपुरे ने बताया कि हिंदू संगठनों की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ आपराधिक मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आगे की जांच जारी है।


