डिंडौरी में तालाब-स्टॉप डैमों की सफाई कर गहरे होंगे:नवांकुर संस्था की बैठक में चर्चा, पौधारोपण की भी योजना बनाई

डिंडौरी के कृषि विज्ञान केंद्र में मंगलवार को जन अभियान परिषद की जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में नवांकुर संस्था और परामर्श दाता समिति के सदस्यों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में आए अतिथियों ने सरकारी कामों के साथ-साथ समाज को जागरूक करने के लिए जल बचाव, नशे से दूरी और सड़क सुरक्षा जैसे जरूरी मुद्दों पर खुलकर बात की। जल गंगा संवर्धन: तालाबों की सफाई और पौधरोपण पर जोर बैठक में रवि बर्मन ने जल संरक्षण के कामों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि अब तक लोगों की मदद से जल संचय के कई काम हुए हैं। उन्होंने सदस्यों को निर्देश दिया कि आने वाले समय में ‘जल गंगा संवर्धन’ अभियान के तहत बने तालाबों और स्टॉप डैम की सफाई और उन्हें गहरा करने का काम किया जाए। साथ ही, पर्यावरण को बचाने के लिए बड़े पैमाने पर पेड़ लगाने की योजना भी बनाई गई। उन्होंने सभी सदस्यों को महीने में दो बार सेक्टर की बैठकें करने को कहा। नशे से बचें और सुरक्षित चलें: विशेषज्ञों ने दी सलाह बैठक के दौरान रितु सेन ने नशे के खिलाफ आवाज उठाई। उन्होंने बताया कि शराब और गांजा जैसे नशे न सिर्फ शरीर को बर्बाद करते हैं, बल्कि घर में झगड़े और पैसों की तंगी का कारण भी बनते हैं। वहीं, ट्रैफिक इंचार्ज सुभाष उईके ने सड़क सुरक्षा पर जोर देते हुए कहा कि ग्रामीण इलाकों में लोग अक्सर नियमों को नहीं जानते। उन्होंने अपील की कि हमेशा हेलमेट पहनकर ही गाड़ी चलाएं क्योंकि घर पर परिवार आपका इंतजार कर रहा होता है। ये रहे मौजूद इस जिला स्तरीय बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष रुदेश परस्ते, भाजपा जिला अध्यक्ष चमरू सिंह नेताम सहित नरेंद्र राजपूत, रमेश गिरी, डॉक्टर बिहारी लाल और जिला समन्वयक धर्मेंद्र चौहान जैसे कई बड़े नाम और सदस्य शामिल हुए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *