डिंडौरी में शहपुरा जनपद पंचायत के ग्राम पंचायत पोषक ग्राम में संजय नगर गांव में सड़क नहीं होने से ग्रामीण लंबे समय से परेशान हो रहे है। गांव को मुख्य सड़क से जोड़ने वाला करीब 2 किमी का रास्ता कच्चा है, जो बारिश में कीचड़ बन जाता है। 500 की आबादी, बच्चों को स्कूल जाने में परेशानी ग्रामीण सुरेश वनवासी ने बताया कि गांव में करीब 500 लोग रहते हैं। बरसात के समय बच्चों का स्कूल जाना और बीमार लोगों को अस्पताल ले जाना बहुत मुश्किल हो जाता है। गांव के पास ही हायर सेकेंडरी स्कूल है, लेकिन खराब रास्ते के कारण बच्चों पर हादसों का खतरा बना रहता है। ग्रामीण बोले- विधायक ने भी नहीं किया समाधान ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से सड़क बनवाने की मांग की, लेकिन अब तक सिर्फ आश्वासन ही मिले हैं। चुनाव के समय नेताओं ने सड़क बनाने का वादा किया था, जो बाद में पूरा नहीं हुआ। ग्रामीण कामता प्रसाद ने बताया कि उन्होंने यह समस्या विधायक ओमप्रकाश धुर्वे को भी बताई थी, लेकिन अभी तक सड़क का काम शुरू नहीं हुआ है। इस बारे में ग्राम पंचायत सचिव ओमप्रकाश साहू ने बताया कि पहले यहां डब्ल्यूबीएम सड़क बन चुकी है। एसडीएम ऐश्वर्य वर्मा ने बताया- मामले की जांच की जाएगी, अगर यह रास्ता पीएम सड़क योजना में नहीं आता है, तो अन्य फंड से इसे बनाने की कोशिश की जाएगी।


