डिंडौरी के शहपुरा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री ने सड़क निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि लोक निर्माण विभाग (PWD) और प्रधानमंत्री सड़क विभाग के अधिकारी ठेकेदारों के साथ मिलकर घटिया सड़कों का निर्माण और नवीनीकरण करा रहे हैं। विधायक ने हाल ही में शहपुरा से मानिकपुर सड़क का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि 58 लाख रुपए की लागत से एक महीने पहले ही इस सड़क का नवीनीकरण किया गया था। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि सड़क का डामर हाथ से छूने पर ही उखड़ रहा था, जो निर्माण की खराब गुणवत्ता को दर्शाता है। विधायक के अनुसार, इंजीनियर और एसडीओ ने इस सड़क निर्माण को सही बताते हुए प्रतिवेदन भेजा है, जिससे उनकी कार्यप्रणाली पर सवाल उठते हैं। उन्होंने इस मामले की शिकायत विभागीय मंत्री से करने की बात कही है। वहीं, इस संबंध में पीडब्ल्यूडी के कार्यपालन यंत्री महीपत सिंह धुर्वे ने कहा कि साइट पर इंजीनियर और एसडीओ की भूमिका महत्वपूर्ण होती है।


