डिजिटल एक्सरे मशीन 6 महीने से खराब पुराने सिस्टम से चल रहा काम, परेशानी

भास्कर न्यूज | धमतरी जिला अस्पताल की डिजिटल एक्स-रे मशीन जनवरी से खराब है। 6 महीने बीतने के बाद भी मशीन की तकनीकी खराबी दूर नहीं हो सकी। इससे मरीजों को परेशानी हो रही है। अस्पताल में पुराने तरीके से एक्स-रे किए जा रहे हैं। इस प्रक्रिया में ज्यादा समय लग रहा है। एक्स-रे की तस्वीर भी साफ नहीं आ रही। डॉक्टरों को इलाज में दिक्कत हो रही है। अस्पताल प्रबंधन ने अब तक न तो मशीन सुधारने की पहल की, न ही नई मशीन खरीदने की कोशिश की। पेट दर्द, सीने और हड्डी से जुड़ी बीमारियों की जांच के लिए एक्स-रे जरूरी होता है। इसके लिए लाखों रुपए की लागत से डिजिटल एक्स-रे मशीन लगाई गई थी। मशीन खराब होने के बाद पुराने सिस्टम से काम चल रहा है। इसकी क्वालिटी कमजोर है। एक्स-रे फिल्म साफ नहीं दिख रही। बीमारी का सही पता नहीं चल पा रहा। धमतरी जिला अस्पताल में 220 बिस्तर हैं। यहां शहर के अलावा आसपास के 5 जिलों से मरीज आते हैं। मरीजों के बेहतर इलाज के लिए डिजिटल एक्स-रे की सुविधा दी गई थी, लेकिन अब इसका लाभ नहीं मिल रहा। मरीजों ने मशीन जल्द सुधारने की मांग की है। अस्पताल में एक पोर्टेबल डिजिटल एक्स-रे मशीन भी है। इसका एक चक्का टूट गया है। मशीन एक्स-रे रूम के बाहर पड़ी है। चक्का बदलने को लेकर भी प्रबंधन उदासीन है। अस्पताल के विभागीय अधिकारियों के अनुसार साल 2024 में कुल 14 हजार 809 एक्स-रे हुए थे। हर महीने औसतन 1100 से 1300 एक्स-रे होते थे, लेकिन मशीन खराब होने के बाद आंकड़ा घट गया। जनवरी 2025 में 855, फरवरी में 957, मार्च में 1013, अप्रैल में 735 और मई में 885 एक्स-रे हुए। सिविल सर्जन डॉ. अरुण टोंडर ने बताया कि मशीन की खराबी की जानकारी विभागीय अधिकारियों को दी गई है। अस्पताल में नई एक्स-रे मशीन की जरूरत है। उम्मीद है जल्द समाधान होगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *