रांची में छिनतई की घटनाएं रूकने का नाम नहीं ले रही हैं। बाइक सवार दो स्नैचर लगातार छिनतई की घटना को अंजाम दे रहे हैं। रांची में डोरंडा थाना क्षेत्र स्थित डिबडीह पुल पर दो लोगो से और मेन रोड में एक छिनतई की घटना को बाइक सवार अपराधियों ने अंजाम दिया। इस संबंध में दो मामले डोरंडा थाना में और एक मामला कोतवाली थाना में दर्ज हुआ है। इससे पहले भी एनआईए ऑफिस के पास एक युवती से बाइक सवार दो स्नैचरों ने मोबाइल व सेटेलाइट चौक के पास स्कूटी से जा रहे पति-पत्नी से बैग की छिनतई 14 जनवरी की दोपहर दो बजे हो चुकी है। सेटेलाइट चौक से डिबडीह पुल के पास बाइक सवार स्नैचर लगातार घटना को अंजाम दे रहे हैं। इस मार्ग पर लगातार 4 मामले आए सामने आ चुके हैं। इधर, रांची में स्नैचिंग की घटना बढ़ने के बाद रांची पुलिस सफेद और काले रंग की बाइक की तलाश कर रही है। डोरंडा थाना प्रभारी जयदीप टोप्पो ने कहा कि दर्ज सभी मामलों में सीसीटीवी फुटेज खंगाला जा रहा है। जल्द ही अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। राजधानी में बीते दो दिनों में मोबाइल और पर्स छिनतई की हुई पांच वारदात दवा लेने आई थी युवती, तभी मोबाइल छीन कर भागने लगा रांची कॉलेज के पास हातमा टोली की रहने वाली राखी कुमारी गुरुवार दोपहर 12.30 बजे मेन रोड में दवा लेने आई थी। अचानक एक युवक आया व मोबाइल छीन कर भागने लगा। राखी कुमारी ने शोर मचाया। मौजूद लोगों ने उस युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में अपना नाम मो. आमिर बताया। वह हिंदपीढ़ी का रहने वाला है। पकड़े गए युवक को स्थानीय लोगों ने कोतवाली थाना पुलिस को सौंप दिया। दूध लेकर सप्लाई करने जा रहे थे, स्नैचरों ने छीन लिया मोबाइल डीपीएस स्कूल के पास खटाल चलाने वाले सुधीर कुमार दोपहर 12.30 बजे अपने घर से दूध लेकर सप्लाई करने जा रहे थे। रास्ते में वे डिबडीह पुल ढलान पर पहुंचे ही थे कि बाइक से पीछे से आए दो स्नैचरों ने उनका मोबाइल छीन लिया और भाग निकले। उनकी बाइक का रंग सफेद व काला था। बाइक पर सवार दो युवकों की उम्र 25 से 30 वर्ष के बीच थी। ऑटो से कोचिंग जा रही थी छात्रा, मोबाइल छीन कर भागे सेक्टर-2 धुर्वा की रहने वाली मेघा कुमारी (17) ऑटो से रातू रोड कोचिंग के लिए जा रही थी। वह ऑटो से डिबडीह पुल के पास गुरुवार दोपहर बाद 3.32 बजे पहुंची ही थी कि बाइक सवार दो लड़के पीछे से आए। अचानक उसका मोबाइल झपट्टा मारकर छीन लिया और फरार हो गए। मेघा के पिता मनोज कुमार सिंह ने इस संबंध में डोरंडा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।


