कोटपूतली में जयपुर-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार रात करीब 10:15 बजे दो कारों की आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में दो लोगों की मौत हुई है और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर किया गया है। कोटपूतली थाना अधिकारी राजेश शर्मा ने बताया- कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि देवनारायण मंदिर के पास दो गाड़ियों का एक्सीडेंट हो गया, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। डिवाइडर कूदकर दूसरी कार से हुई टक्कर उन्होंने बताया कि जयपुर की ओर से आ रही मारुति सियाज कार अचानक बेकाबू हो गई और डिवाइडर कूदकर दूसरी सड़क पर चली गई, जहां दिल्ली की तरफ से आ रही हरियाणा के करनाल नंबर की मारुति सेलेरियो कार से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों कारों के परखच्चे उड़ गए। दो लोगों की मौत, तीन घायल हादसे में दोनों कारों में सवार एक-एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल हुए दो लोगों को कोटपूतली के राजकीय बीडीएम अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद उन्हें जयपुर के एसएमएस अस्पताल रेफर कर दिया गया। मृतकों में एक हरियाणा के करनाल का रहने वाला मृतकों की पहचान करनाल निवासी दिनेश (35) पुत्र रामधन, जो मारुति सेलेरियो कार सवार थे, केतन शर्मा उम्र (30), निवासी कोटपूतली बहरोड़, जो मारुति सियाज कार में सवार थे। घायलों में कोटपूतली के लक्ष्मी नगर के रहने वाले प्रवीण शर्मा और राहुल जोशी व करनाल निवासी सविता देवी हैं जिनको जयपुर रेफर किया गया है। तीनों घायल जयपुर रेफर कोटपूतली पुलिस ने दोनों शवों को राजकीय बीडीएम अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है, जहां रविवार को उनका पोस्टमॉर्टम किया जाएगा। मृतकों में से एक कोटपूतली-बहरोड़ का निवासी है, जबकि दूसरा हरियाणा के करनाल का रहने वाला है। उनके परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।


