सिंगरौली के देवसर बाजार इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग 39 पर एक बाइक सवार डिवाइडर से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा भारी यातायात वाले बाजार क्षेत्र में हुआ, जिससे युवक के सिर में गंभीर चोटें आईं। घटना रविवार दोपहर करीब 3 बजे की है। सिर पर आई गंभीर चोटें स्थानीय लोगों ने घायल युवक को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवसर में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने बताया कि युवक को सिर में गंभीर चोटें आई हैं। उसकी हालत पर निगरानी रखी जा रही है। जियावन थाना प्रभारी रोशनी कर्मी ने बताया कि युवक शराब के नशे में था, जिसके कारण वह बाइक से गिर गया। हालांकि, पुलिस अब तक युवक की पहचान और उसके पते की जानकारी नहीं जुटा पाई है। पुलिस पर लोगों ने लापरवाही का लगाया आरोप स्थानीय निवासियों का कहना है कि अगर युवक नशे में वाहन चला रहा था, तो पुलिस को उसकी पहचान कर नशे में गाड़ी चलाने के आरोप में विधिवत मामला दर्ज करना चाहिए था। पुलिस द्वारा न तो युवक की पहचान सुनिश्चित की गई और न ही कोई कानूनी कार्रवाई की गई, जो स्पष्ट रूप से लापरवाही को दर्शाता है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि देवसर बाजार से गुजरने वाले हाईवे पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। उनका आरोप है कि प्रशासन और पुलिस की उदासीनता के कारण सड़क सुरक्षा के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए जाते।


