बलौदाबाजार जिले के सकरी बाईपास में अंधेरे के कारण एक बाइक डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार एक शख्स की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने के बाद अपने घर लौट रहे थे। यह घटना जानकारी के मुताबिक, हरीनभट्ठा का रहने वाला लखनलाल सोनवानी (55) और महासमुंद का युवक ग्राम झोंका में दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। घर वापसी के दौरान बाइक डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि लखनलाल की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। आरक्षक ने घायल को पहुंचाया अस्पातल सिटी कोतवाली के आरक्षक कामदेव गायकवाड़ ने घायल को फौरन जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां उसका इलाज जारी है। स्थानीय निवासी हेमकुमार साहू ने बताया कि वे होटल के पास बैठे थे। बलौदाबाजार की ओर से तेज रफ्तार से बाइक आई और आवाज सुनकर, जब वे पहुंचे तो देखा कि दो लोग डिवाइडर से टकरा गए थे। एक की मौत हो चुकी थी। सिग्नल और लाइट की व्यवस्था करने की मांग उन्होंने कहा कि चौक अंधेरा रहता है, जिसके कारण रात में चलने वाले राहगीर भटक जाते हैं। अब तक दर्जनों लोगों की जान जा चुकी है। उन्होंने प्रशासन से इसे जल्द ठीक कराने की मांग की। विपिन कांत बंजारे ने भी कहा कि सकरी बाईपास पर काफी अंधेरा है, जिससे रात में चलने वालों को रास्ता समझ नहीं आता और वे हादसे का शिकार हो जाते हैं। उन्होंने शासन से वहां सिग्नल और लाइट की व्यवस्था करने की मांग की है।


